Follow Us on Our Social Media
ChhattisgarhRaipur

रायपुर में सब्जी बाजार हटाने गई निगम टीम से मारपीट, 5 घायल

निगम के 4 कर्मचारी और एक पुलिसकर्मी घायल; विवाद के बाद मौके पर भारी पुलिस बल तैनात

रायपुर। रायपुर के भाठागांव इलाके में सब्जी बाजार हटाने पहुंची नगर निगम की टीम के साथ बुधवार को विवाद हो गया। बाजार हटाने की कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने निगम कर्मचारियों के साथ मारपीट और धक्का-मुक्की कर दी। घटना में नगर निगम के 4 कर्मचारी घायल हुए हैं। एक पुलिसकर्मी के भी घायल होने की जानकारी सामने आई है। विवाद बढ़ने के बाद मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया।

जानकारी के मुताबिक, नगर निगम की टीम भाठागांव क्षेत्र में सड़क और आसपास लगने वाले सब्जी बाजार को हटाने के लिए पहुंची थी। टीम ने कार्रवाई शुरू की तो वहां मौजूद लोगों और निगम कर्मचारियों के बीच बहस हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई। आरोप है कि इस दौरान निगम कर्मचारियों के साथ मारपीट की गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया। पुलिस की मौजूदगी में इलाके में कार्रवाई को संभाला गया। घटना के बाद मौके पर कुछ देर तक तनाव की स्थिति बनी रही।

थाने पहुंचा मामला, शिकायत की तैयारी

मारपीट में घायल निगम कर्मचारियों और पुलिसकर्मी को उपचार के लिए भेजे जाने की जानकारी है। घटना के बाद नगर निगम की टीम और पुलिस की ओर से मामले में शिकायत की तैयारी की जा रही है। पुलिस मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ कर रही है और विवाद की पूरी स्थिति की जानकारी जुटाई जा रही है।

फिलहाल पुलिस बल की तैनाती के बीच भाठागांव सब्जी बाजार क्षेत्र में स्थिति पर नजर रखी जा रही है। कार्रवाई के दौरान विवाद किस वजह से शुरू हुआ और मारपीट में कौन-कौन लोग शामिल थे, इसकी जांच की जा रही है।

Follow Us on Our Social Media

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button