Follow Us on Our Social Media
Chhattisgarh

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के पहले सीजन की तैयारी तेज, 28-29 सितंबर को होंगे खिलाड़ियों के चयन ट्रायल

रायपुर। छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के पहले सीजन के लिए टीमों के गठन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने खिलाड़ियों के चयन के लिए ट्रायल की तारीख तय कर दी है। रायपुर के सरदार वल्लभ भाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम के पिच-1 में 28 और 29 सितंबर को सुबह 9 बजे से खिलाड़ियों का चयन ट्रायल आयोजित किया जाएगा।

खेल एवं युवा कल्याण विभाग की संचालक आकांक्षा शिक्षा खलखो ने छत्तीसगढ़ हॉकी संघ को परिपत्र जारी कर चयन ट्रायल से जुड़ी आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए हैं। विभाग ने निर्धारित तिथि और समय पर ट्रायल आयोजित करने के साथ ही ट्रायल शुरू होने से पहले चयन के मानदंड और पूरी प्रक्रिया का लिखित विवरण उपलब्ध कराने को कहा है।

पारदर्शी तरीके से होगा खिलाड़ियों का चयन

विभाग ने चयन प्रक्रिया को निर्धारित मानदंडों के अनुरूप और पारदर्शी तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए हैं। ट्रायल के बाद चयनित छह टीमों की सूची और चयन प्रक्रिया से संबंधित पूरी रिपोर्ट खेल संचालनालय को उपलब्ध कराने को कहा गया है।

इन अधिकारियों को मिली जिम्मेदारी

चयन ट्रायल को व्यवस्थित तरीके से संचालित करने के लिए खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने तीन अधिकारियों को तकनीकी और आयोजन संबंधी व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी सौंपी है। इनमें खेल अधिकारी दीनू प्रसाद पटेल, रायपुर की वरिष्ठ हॉकी प्रशिक्षक रश्मि संध्या एक्का और बिलासपुर के वरिष्ठ हॉकी प्रशिक्षक राकेश टोप्पो शामिल हैं।

छह टीमें लेंगी हिस्सा

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के पहले सीजन में राज्य के अलग-अलग क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करने वाली छह टीमें मैदान में उतरेंगी। इनमें राजधानी रॉयल्स, चित्रकूट चैलेंजर्स, संस्कारधानी स्ट्राइकर्स, चक्रधर चैंपियंस, न्यायधानी नाइट्स और मैनपाट टाइटन्स शामिल हैं।

इन सभी टीमों के खिलाड़ियों के चयन के लिए 28 और 29 सितंबर को सुबह 9 बजे से रायपुर स्थित सरदार वल्लभ भाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम के पिच-1 पर ट्रायल आयोजित किया जाएगा।

Follow Us on Our Social Media

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button