एशियन गेम्स 2026: भारत की मेडल टैली में इजाफा, मैराथन और शूटिंग में सिल्वर

एशियन गेम्स 2026 के सातवें दिन भारत के लिए शानदार शुरुआत हुई है। भारतीय खिलाड़ियों ने मैराथन और शूटिंग में सिल्वर मेडल अपने नाम किए, जबकि स्क्वॉश में भारत को ब्रॉन्ज मेडल मिला। इसके साथ ही भारत की कुल पदक संख्या 23 पहुंच गई है। दिन के आगे बढ़ने के साथ कई अन्य स्पर्धाओं में भी भारतीय खिलाड़ियों से पदक की उम्मीद है।
मैराथन में 44 साल बाद मिला पदक
भारत के डिस्टेंस रनर सावन बरवाल ने पुरुष मैराथन में सिल्वर मेडल जीतकर इतिहास रच दिया। एशियन गेम्स की मैराथन स्पर्धा में भारत को 44 साल बाद पदक मिला है। सातवें दिन भारत के लिए यह पहला पदक रहा।
शूटिंग में भी आया सिल्वर
महिलाओं की 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशन टीम स्पर्धा में आशी चौकसे, तिलोत्तमा सेन और विदर्सा विनोद की भारतीय टीम ने 1763 अंक हासिल कर सिल्वर मेडल जीता। तिलोत्तमा सेन और विदर्सा विनोद ने इसी स्पर्धा के व्यक्तिगत फाइनल के लिए भी क्वालिफाई किया है, जबकि आशी चौकसे व्यक्तिगत फाइनल में जगह नहीं बना सकीं।
स्क्वॉश में ब्रॉन्ज, कबड्डी में गोल्ड की उम्मीद
मिक्स्ड डबल्स स्क्वॉश के सेमीफाइनल में जोशना चिनप्पा और वेलाविन सेंथिलकुमार की जोड़ी को चीन की जोड़ी के खिलाफ 1-2 से हार का सामना करना पड़ा। इसके साथ ही भारतीय जोड़ी को ब्रॉन्ज मेडल मिला।
महिला कबड्डी का फाइनल भारत और ईरान के बीच खेला जा रहा है। भारत के पास इस मुकाबले में गोल्ड मेडल जीतने का मौका है। पुरुष कबड्डी टीम भी फाइनल में ईरान के खिलाफ उतरेगी। इसके अलावा एथलेटिक्स और शूटिंग की कई स्पर्धाओं में भारतीय खिलाड़ी पदक के लिए चुनौती पेश कर रहे हैं।
बैडमिंटन में लक्ष्य सेन को पुरुष एकल के दूसरे दौर में सिंगापुर के लोह कीन यू के खिलाफ हार मिली। वहीं डिकैथलॉन में तेजस्विन शंकर 865 अंकों के साथ पांचवें और तौफीक नौशाद 856 अंकों के साथ सातवें स्थान पर हैं।



