दीपक बैज ने BJP प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव से की मुलाकात, बोले- राजनीति में मतभेद हो, मनभेद नहीं

रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) के अध्यक्ष दीपक बैज और प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गेंदु ने मंगलवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव से मुलाकात की। दोनों कांग्रेस नेता रायपुर के देवेंद्र नगर स्थित किरण सिंह देव के निवास पहुंचे और उनके स्वास्थ्य की जानकारी लेते हुए कुशलक्षेम जाना। हाल ही में इलाज के बाद किरण सिंह देव छत्तीसगढ़ लौटे हैं।
मुलाकात के दौरान दीपक बैज ने कहा कि राजनीति में मतभेद हो सकते हैं, लेकिन मनभेद नहीं होना चाहिए। इस मुलाकात को दोनों दलों के नेताओं के बीच शिष्टाचार भेंट के तौर पर देखा जा रहा है।
सड़क हादसे में घायल हुए थे किरण सिंह देव
बता दें कि 29 जुलाई को किरण सिंह देव परिवार के साथ बागेश्वर धाम से लौट रहे थे। इसी दौरान उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले के तालबेहट क्षेत्र में झांसी-ललितपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर उनकी इनोवा कार एक ट्रक से टकरा गई थी। हादसे में किरण सिंह देव और उनके चालक घायल हुए थे।
प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। बाद में उन्हें दिल्ली के मेदांता अस्पताल में उपचार कराया गया। करीब 56 दिनों तक उपचार और स्वास्थ्य लाभ लेने के बाद किरण सिंह देव 23 सितंबर को रायपुर लौटे। उनके रायपुर पहुंचने पर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एयरपोर्ट पर उनका स्वागत किया था।
इलाज के बाद वापसी के पश्चात राजनीतिक दलों के नेताओं का उनसे मुलाकात का सिलसिला भी जारी है। इससे पहले मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भी उनके निवास पहुंचकर स्वास्थ्य की जानकारी ली थी।



