गांधी जयंती पर PM मोदी ने राजघाट पहुंचकर बापू को दी श्रद्धांजलि, बच्चों से की बातचीत; शास्त्री जी को भी किया नमन

नई दिल्ली। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 157वीं जयंती के अवसर पर शुक्रवार को देशभर में उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजघाट पहुंचकर महात्मा गांधी की समाधि पर पुष्प अर्पित किए और उन्हें नमन किया। इसके बाद उन्होंने गांधी स्मृति में आयोजित सर्वधर्म प्रार्थना सभा में हिस्सा लिया।
प्रार्थना सभा के दौरान प्रधानमंत्री ने महात्मा गांधी की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उनके सत्य, शांति और अहिंसा के संदेश को याद किया। कार्यक्रम में स्कूली बच्चों और कलाकारों ने भजन प्रस्तुत किए।
बच्चों से मिले PM मोदी
सर्वधर्म प्रार्थना सभा के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वहां मौजूद स्कूली बच्चों से मुलाकात की। उन्होंने बच्चों से हाथ मिलाया और उनसे बातचीत की। प्रधानमंत्री ने कुछ समय बच्चों के साथ बिताया और उनकी बात भी सुनी।
इसके बाद प्रधानमंत्री संविधान सदन पहुंचे, जहां उन्होंने महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की तस्वीरों पर श्रद्धांजलि अर्पित की। यहां मौजूद स्कूली छात्र-छात्राओं से भी उन्होंने बातचीत की।
लाल बहादुर शास्त्री को भी किया नमन
गांधी जयंती के साथ ही देश के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती भी मनाई जाती है। प्रधानमंत्री मोदी ने विजय घाट पहुंचकर शास्त्री जी को श्रद्धांजलि अर्पित की।
लाल बहादुर शास्त्री वर्ष 1964 से 1966 तक देश के प्रधानमंत्री रहे। उन्हें विशेष रूप से ‘जय जवान, जय किसान’ के नारे के लिए याद किया जाता है।
गांधी के संदेश को याद किया
महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि बापू का संदेश लोगों को बेहतर समाज और विकसित भारत की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करता रहेगा। उन्होंने गांधी के जीवन को सत्य, अहिंसा, करुणा और सेवा की मिसाल बताया।
प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर भी महात्मा गांधी को याद करते हुए कहा कि बापू के विचार बेहतर समाज के निर्माण और विकसित भारत के संकल्प की दिशा में प्रेरणा देते रहेंगे।
इस अवसर पर उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने भी गांधी स्मृति पहुंचकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी और स्वतंत्रता आंदोलन में उनके योगदान तथा सद्भाव और सामाजिक विकास के संदेश को याद किया।



