ब्लू वॉटर हादसे में 72 घंटे बाद भी नहीं मिला आदिल का शव, SDRF और NDRF का सर्च ऑपरेशन जारी

रायपुर से सटे ब्लू वॉटर में बुधवार शाम डूबे आदिल का शव 72 घंटे बाद भी बरामद नहीं हो सका है। गुरुवार और शुक्रवार को तलाश के बाद शनिवार सुबह एक बार फिर SDRF ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया। इस अभियान में NDRF की टीम भी शामिल है।
दोस्तों के साथ ब्लू वॉटर पहुंचा था युवक
जानकारी के मुताबिक, आदिल बुधवार शाम अपने दोस्तों के साथ ब्लू वॉटर घूमने पहुंचा था। इसी दौरान दोस्तों के बीच पानी में तैरने को लेकर शर्त लग गई। इसके बाद आदिल पानी में उतर गया, लेकिन गहराई में जाने के बाद वह वापस बाहर नहीं आ सका।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के साथ SDRF और NDRF की टीम मौके पर पहुंची और युवक की तलाश शुरू की। लगातार प्रयासों के बावजूद अब तक उसका पता नहीं चल सका है।
गहरे पानी के कारण तलाश में परेशानी
बताया जा रहा है कि ब्लू वॉटर में पानी काफी गहरा है, जिसके कारण रेस्क्यू टीम को तलाशी अभियान में मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। शनिवार को टीम ने दोबारा पानी के अंदर सर्च ऑपरेशन शुरू किया है और आदिल की तलाश जारी है।
पहले भी हो चुकी हैं डूबने की घटनाएं
ब्लू वॉटर क्षेत्र में पहले भी डूबने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इसके बावजूद यहां लोगों की आवाजाही जारी रहती है। हादसे के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। खतरनाक हिस्सों में लोगों को जाने से रोकने के लिए सुरक्षा घेरा बनाने और चेतावनी बोर्ड लगाने की जरूरत बताई जा रही है।



