गोविंदा की दूसरी शादी की खबरों पर मैनेजर ने किया बड़ा खुलासा, बोले- ऐसा कुछ नहीं है

गोविंदा और सुनीता आहूजा के रिश्ते को लेकर पिछले काफी समय से चर्चाएं चल रही हैं। इसी बीच सुनीता की ओर से गोविंदा की दूसरी शादी को लेकर किए गए दावे ने मामले को और चर्चा में ला दिया। अब गोविंदा के मैनेजर शशि सिन्हा ने इन खबरों पर प्रतिक्रिया देते हुए दूसरी शादी की बात को साफ तौर पर खारिज किया है।
दूसरी शादी की खबरों पर मैनेजर ने दी सफाई
शशि सिन्हा ने एक इंटरव्यू में कहा कि उन्हें गोविंदा की दूसरी शादी की बात के बारे में कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसा कुछ नहीं है और न ही गोविंदा की दूसरी शादी होने वाली है। मैनेजर के मुताबिक, गोविंदा और सुनीता के बीच रिश्ते को लेकर जो भी स्थिति है, उसे लेकर सुनीता के मन में कुछ चल रहा होगा, जिसकी वजह से उन्होंने ऐसा बयान दिया।
दरअसल, सुनीता आहूजा ने राखी सावंत के साथ फोन पर बातचीत के दौरान गोविंदा की दूसरी शादी को लेकर दावा किया था। उन्होंने कहा था कि जब उन्हें गोविंदा के दूसरी शादी करने के बारे में पता चला, तो उन्होंने तलाक का मामला वापस लेने का फैसला किया।
गोविंदा ने नहीं की तलाक की पहल
गोविंदा के मैनेजर ने कहा कि अगर अभिनेता वास्तव में सुनीता से रिश्ता खत्म करना चाहते या किसी दूसरे रिश्ते में आगे बढ़ना चाहते, तो वह खुद तलाक की पहल करते। हालांकि, ऐसा नहीं हुआ। तलाक की याचिका सुनीता की ओर से दायर की गई थी और बाद में उन्होंने ही इसे वापस लेने का फैसला किया।
रिश्ता सुधारने की उम्मीद
शशि सिन्हा ने कहा कि गोविंदा और सुनीता दोनों समझदार और परिपक्व लोग हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि दोनों के बीच चीजें जल्द ठीक हो सकती हैं। उन्होंने यह भी कहा कि पारिवारिक विवाद और लगातार बनी रहने वाली नकारात्मकता का असर बच्चों पर भी पड़ता है, इसलिए परिवार के लिए रिश्ते में सुधार होना बेहतर होगा।



