Follow Us on Our Social Media
Chhattisgarh

शहीदों की प्रतिमाओं के बाद अब सूर्यकुमार यादव की मूर्ति, बालोद के लोकेंद्र साहू पहुंचे मुंबई

बालोद। क्रिकेट के प्रति जुनून और शहीदों के सम्मान की अनोखी मिसाल पेश करने वाले बालोद जिले के देवगहन गांव निवासी लोकेंद्र साहू एक बार फिर चर्चा में हैं। लोकेंद्र ने अपनी निजी जमीन पर आतंकी हमलों और अलग-अलग घटनाओं में शहीद हुए 18 शहीदों की प्रतिमाएं स्थापित कर रखी हैं। इसी परिसर में उन्होंने क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर की प्रतिमा भी स्थापित की है।

अब लोकेंद्र साहू ने भारतीय क्रिकेटर सूर्यकुमार यादव की करीब दो लाख रुपये की लागत से आदमकद प्रतिमा तैयार कराई है। सूर्यकुमार यादव के जन्मदिन के मौके पर वह प्रतिमा लेकर मुंबई के चेंबूर स्थित उनके घर पहुंचे और उन्हें यह प्रतिमा भेंट की।

सूर्यकुमार यादव ने की पहल की तारीफ

सूर्यकुमार यादव से मुलाकात के दौरान लोकेंद्र ने उन्हें अपनी पहल के बारे में जानकारी दी। उन्होंने सूर्यकुमार से अपनी निजी जमीन पर स्थापित 18 शहीदों की प्रतिमाओं का अनावरण करने का भी आग्रह किया।

लोकेंद्र के मुताबिक, सूर्यकुमार यादव ने उनकी इस पहल की सराहना की। उन्होंने छत्तीसगढ़ आने पर लोकेंद्र से मुलाकात करने का वादा भी किया।

सचिन की प्रतिमा के पास लगेगी सूर्यकुमार की मूर्ति

मुलाकात के दौरान सूर्यकुमार यादव ने लोकेंद्र से कहा कि जहां उन्होंने सचिन तेंदुलकर की प्रतिमा स्थापित की है, वहीं उनकी प्रतिमा भी लगाई जाए। सूर्यकुमार की इच्छा के बाद लोकेंद्र उनकी प्रतिमा लेकर वापस छत्तीसगढ़ लौट रहे हैं।

छत्तीसगढ़ पहुंचने के बाद वह अपनी निजी जमीन पर सचिन तेंदुलकर की प्रतिमा के पास सूर्यकुमार यादव की आदमकद प्रतिमा स्थापित करेंगे।

18 शहीदों की प्रतिमाओं के अनावरण का इंतजार

लोकेंद्र साहू अपनी जमीन पर स्थापित 18 शहीदों की प्रतिमाओं के अनावरण के लिए लंबे समय से प्रयास कर रहे हैं। इसके लिए वह कई स्तरों पर संपर्क कर चुके हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर भी प्रतिमाओं के अनावरण का आग्रह किया है। हालांकि, अब तक इन प्रतिमाओं का अनावरण नहीं हो सका है।

लोकेंद्र की पहल में एक ओर क्रिकेट के प्रति उनका जुनून दिखाई देता है, वहीं दूसरी ओर शहीदों के सम्मान की भावना भी नजर आती है। सचिन तेंदुलकर के बाद अब सूर्यकुमार यादव की प्रतिमा स्थापित करने की पहल ने उन्हें फिर सुर्खियों में ला दिया है।

Follow Us on Our Social Media

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button