तिरंगा तस्वीर से छेड़छाड़ का आरोप, कांग्रेस IT सेल नेता पर FIR; BJP ने साधा निशाना

रायपुर। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की तिरंगा फहराते हुए तस्वीर से कथित छेड़छाड़ कर सोशल मीडिया पर प्रसारित करने के मामले में रायपुर पुलिस ने कांग्रेस IT सेल नेता अरुण साहू के खिलाफ FIR दर्ज की है। यह कार्रवाई भाजपा प्रदेश प्रवक्ता गौरीशंकर श्रीवास की शिकायत पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने की है।
शिकायत के मुताबिक, ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत नितिन नबीन ने अपने निवास पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया था। आरोप है कि बेमेतरा जिला कांग्रेस IT सेल अध्यक्ष अरुण साहू ने इस तस्वीर से कथित तौर पर छेड़छाड़ कर उसे सोशल मीडिया पर पोस्ट किया और इसके जरिए भ्रामक जानकारी फैलाने तथा नितिन नबीन की छवि खराब करने का प्रयास किया। बाद में पोस्ट डिलीट कर दिया गया। शिकायत के साथ पोस्ट का स्क्रीनशॉट भी पुलिस को सौंपा गया है।
यह भी पढ़ें – छत्तीसगढ़ की बहनों और बच्चों का जवानों को अनोखा तोहफा
इन धाराओं में दर्ज हुई FIR
पुलिस ने प्रथम दृष्टया अपराध पाए जाने पर राष्ट्रीय गौरव अपमान निवारण अधिनियम की धारा 2 और BNS की धारा 356 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अब सोशल मीडिया पोस्ट, उसके स्रोत और उससे जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।
BJP ने कांग्रेस पर साधा निशाना
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता गौरीशंकर श्रीवास ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं की ओर से राष्ट्रध्वज और भाजपा नेताओं को लेकर सोशल मीडिया पर बिना तथ्य जांचे अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रध्वज और राष्ट्रीय पर्व को लेकर आपत्तिजनक पोस्ट करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।



