भोगपुरम में 5,000 करोड़ रुपये की लागत से बने अल्लूरी सीताराम राजू इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन, 17 अगस्त से शुरू होंगी उड़ानें

रायपुर/भोगपुरम। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को आंध्र प्रदेश के विजयनगरम जिले के भोगपुरम में अल्लूरी सीताराम राजू इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन किया। करीब 5,000 करोड़ रुपये की लागत से बने इस एयरपोर्ट को उत्तरी आंध्र के आर्थिक और औद्योगिक विकास की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। एयरपोर्ट का विकास जीएमआर ग्रुप ने किया है और इसका नाम स्वतंत्रता सेनानी अल्लूरी सीताराम राजू के सम्मान में रखा गया है।
पहले चरण में एयरपोर्ट को सालाना 60 लाख यात्रियों की क्षमता के साथ तैयार किया गया है। भविष्य में इसकी क्षमता बढ़ाकर 4 करोड़ यात्रियों प्रति वर्ष करने की योजना है। यहां से 17 अगस्त से वाणिज्यिक उड़ानों का संचालन शुरू होगा।
राज्य सरकार का कहना है कि इस एयरपोर्ट से उत्तरी आंध्र में उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा, रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे, निर्यात को गति मिलेगी और क्षेत्र की कनेक्टिविटी मजबूत होगी।
रेलवे परियोजनाओं पर भी जोर
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भोगपुरम और आसपास के क्षेत्रों को देश के प्रमुख औद्योगिक केंद्रों से जोड़ने के लिए करीब 1 लाख करोड़ रुपये की रेलवे परियोजनाओं पर काम चल रहा है। उन्होंने बताया कि आंध्र प्रदेश के रेलवे नेटवर्क का तेजी से विद्युतीकरण किया गया है और 70 से अधिक रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण किया जा रहा है।
एयरपोर्ट के नामकरण पर क्या बोले प्रधानमंत्री?
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पहले देश में बनने वाले अधिकांश एयरपोर्ट का नाम एक ही परिवार के नाम पर रखा जाता था, लेकिन एनडीए सरकार ने इस परंपरा को बदला। उन्होंने कहा कि अयोध्या एयरपोर्ट का नाम महर्षि वाल्मीकि और पंजाब के एक एयरपोर्ट का नाम संत रविदास के नाम पर रखा गया। इसी सोच के तहत भोगपुरम एयरपोर्ट का नाम अल्लूरी सीताराम राजू के नाम पर रखा गया है, ताकि यहां से यात्रा करने वाले लोगों को देशसेवा और जनसेवा की प्रेरणा मिल सके।

