42 की उम्र में पूरा किया सपना, बिलासपुर की एंजेल चौकसे बनीं Mrs. India International Queen 2026

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर की एंजेल चौकसे ने Mrs. India International Queen 2026 का खिताब जीतकर प्रदेश और शहर का नाम रोशन किया है। उन्होंने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने परिवार के विश्वास, सहयोग और प्रेरणा को दिया।
दिल्ली में आयोजित हुई प्रतियोगिता
एंजेल चौकसे ने प्रेसवार्ता में बताया कि दिल्ली के होटल लीला इंटरनेशनल में आयोजित Mrs. India International Queen 2026 प्रतियोगिता में भारत के अलावा सिंगापुर, ऑस्ट्रेलिया, दुबई, कतर, अमेरिका और लंदन से प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
उन्होंने बताया कि कॉलेज के दिनों में Miss Home Science का खिताब जीतने के बाद से ही उनका सपना बड़े मंच पर अपनी पहचान बनाने का था। हालांकि, पारिवारिक जिम्मेदारियों के चलते यह सपना कुछ समय के लिए पीछे छूट गया।
परिवार के सहयोग से हासिल की सफलता
एंजेल ने बताया कि पति और परिवार के सहयोग से उन्होंने 42 वर्ष की उम्र में अपने सपने को फिर से जीने का फैसला किया। इसके लिए उन्होंने करीब एक साल तक फिटनेस, ग्रूमिंग, कैटवॉक, पब्लिक स्पीकिंग और व्यक्तित्व विकास पर लगातार मेहनत की।
पांच दिनों तक चली इस प्रतियोगिता के विभिन्न चुनौतीपूर्ण राउंड सफलतापूर्वक पार करने के बाद उन्होंने फाइनल में जगह बनाई और Mrs. India International Queen 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया।
एंजेल ने कहा कि यह उपलब्धि सिर्फ उनकी नहीं, बल्कि उनके पूरे संयुक्त परिवार की है, जिनके विश्वास, सहयोग और प्रोत्साहन ने उनके वर्षों पुराने सपने को साकार करने में अहम भूमिका निभाई।

