Chhattisgarh

राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस पर रायपुर में 100 डॉक्टरों का सम्मान, राज्यपाल रमेन डेका ने सराहा सेवा भाव

रायपुर में राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के अवसर पर जेसीआई रायपुर मेडिको सिटी (ज़ोन-27) की ओर से शांति नगर स्थित विमतारा हॉल में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका मुख्य अतिथि और रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। समारोह में चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले करीब 100 वरिष्ठ एवं प्रतिष्ठित चिकित्सकों को प्रशस्ति-पत्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।

जेसीआई रायपुर मेडिको सिटी के अध्यक्ष डॉ. निखिल मोतिरमानी ने बताया कि संस्था समय-समय पर निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, जनजागरूकता अभियान और सामाजिक-स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियों का आयोजन करती है। उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य समाज के हर वर्ग तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं और स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता पहुंचाना है।

संस्था के सचिव डॉ. अविनाश तिवारी ने कहा कि जेसीआई रायपुर मेडिको सिटी स्वास्थ्य जागरूकता, जनसेवा और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रमों के माध्यम से लगातार लोगों तक स्वास्थ्य संबंधी मार्गदर्शन पहुंचाने का कार्य कर रही है।

कार्यक्रम में श्री बालाजी मेडिकल कॉलेज एवं ग्रुप ऑफ हॉस्पिटल्स के चेयरमैन डॉ. देवेंद्र नाइक और संजीवनी कैंसर केयर एवं ग्रुप ऑफ हॉस्पिटल्स के चेयरमैन डॉ. यूसुफ मेमन विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे। वहीं, जेसीआई इंडिया के पूर्व राष्ट्रीय पदाधिकारी एवं मुख्य मेंटर डॉ. मनीष गुप्ता ने चिकित्सकों के नेतृत्व, सेवा भावना और सामाजिक उत्तरदायित्व पर प्रेरक संबोधन दिया।

अपने संबोधन में राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि चिकित्सक केवल मरीजों का इलाज ही नहीं करते, बल्कि अपने ज्ञान, सेवा, समर्पण और मानवीय संवेदनाओं से समाज को स्वस्थ, सुरक्षित और सशक्त बनाने में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने डॉक्टरों को राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस की शुभकामनाएं दीं।

रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा ने भी डॉक्टरों की सेवा भावना की सराहना करते हुए कहा कि चिकित्सक हर परिस्थिति में मानवता की सेवा के लिए तत्पर रहते हैं और समाज उनके योगदान का हमेशा ऋणी रहेगा।

कार्यक्रम में शहर के वरिष्ठ चिकित्सकों, स्वास्थ्य विशेषज्ञों, जेसीआई पदाधिकारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और गणमान्य नागरिकों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। आयोजन का संचालन और समन्वय डॉ. निखिल मोतिरमानी, डॉ. विकास गोयल, डॉ. अनिल गुप्ता, डॉ. अविनाश तिवारी, डॉ. सुमेधा श्रीवास्तव, डॉ. मनीष गुप्ता और डॉ. जितेंद्र सराफ के नेतृत्व में संपन्न हुआ।

Follow Us on Our Social Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button