‘जॉली LLB 4’ में अरशद वारसी की वापसी, अक्षय कुमार नहीं आएंगे नजर; जानें पहले तीन पार्ट्स की कमाई

बॉलीवुड की लोकप्रिय कोर्टरूम ड्रामा फ्रेंचाइजी ‘जॉली LLB’ के चौथे पार्ट को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। जानकारी के मुताबिक, फिल्म के अगले भाग में अरशद वारसी मुख्य भूमिका में नजर आएंगे, जबकि अक्षय कुमार इस बार फिल्म का हिस्सा नहीं होंगे। बताया जा रहा है कि ‘जॉली LLB 4’ सीक्वल नहीं, बल्कि फ्रेंचाइजी की पहली फिल्म की कहानी से पहले की घटनाओं पर आधारित प्रीक्वल होगी।
जनवरी 2027 तक पूरी हो सकती है शूटिंग
रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म के निर्देशन की जिम्मेदारी उमेश शुक्ला संभाल रहे हैं। इसकी शूटिंग जनवरी 2027 तक पूरी होने की उम्मीद है। कहानी पहले पार्ट की पृष्ठभूमि पर आधारित होने के कारण अरशद वारसी एक बार फिर जॉली के किरदार में मुख्य भूमिका निभाते नजर आएंगे। हालांकि, फिल्म की कहानी और कलाकारों को लेकर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।
‘जॉली LLB’ के पहले पार्ट ने कमाए थे 46 करोड़
‘जॉली LLB’ 15 मार्च 2013 को रिलीज हुई थी। अरशद वारसी, बोमन ईरानी, सौरभ शुक्ला और अमृता राव अभिनीत इस फिल्म का बजट करीब 10 करोड़ रुपये था। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर लगभग 46 करोड़ रुपये की कमाई की थी। अपनी अलग कहानी और कोर्टरूम ड्रामा के कारण इस फिल्म को दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिला था।
दूसरे और तीसरे पार्ट ने भी किया अच्छा कारोबार
‘जॉली LLB 2’ 10 फरवरी 2017 को रिलीज हुई थी। इसमें अक्षय कुमार, हुमा कुरैशी, अन्नू कपूर और सौरभ शुक्ला नजर आए थे। करीब 80 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने लगभग 197.33 करोड़ रुपये का कारोबार किया था।
वहीं, ‘जॉली LLB 3’ में अक्षय कुमार और अरशद वारसी दोनों दिखाई दिए थे। फिल्म में सौरभ शुक्ला, अमृता राव और हुमा कुरैशी भी अहम भूमिकाओं में थे। करीब 120 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने दुनियाभर में लगभग 171.64 करोड़ रुपये की कमाई की थी।
अब दर्शकों की नजरें ‘जॉली LLB 4’ पर टिकी हैं। अगर फिल्म प्रीक्वल के रूप में आगे बढ़ती है, तो यह देखना दिलचस्प होगा कि अरशद वारसी का किरदार इस बार कोर्टरूम में किस तरह की कहानी लेकर आता है।



