Chhattisgarh

कारोबारी ने पत्नी और तीन बच्चों को जहर देकर दी मौत, फिर फांसी लगाकर की आत्महत्या

रायपुर। रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र स्थित संजय नगर में शुक्रवार देर रात दिल दहला देने वाली घटना सामने आई।

बैटरी कारोबारी सय्यद शाहिद उर्फ सज्जू (45) ने कथित तौर पर पहले अपनी पत्नी और तीन बच्चों को खाने में जहर देकर मौत के घाट उतार दिया, फिर खुद फंदे पर लटककर आत्महत्या कर ली।

इस दर्दनाक घटना में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस, फोरेंसिक टीम और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। प्रारंभिक जांच के बाद मकान को सील कर दिया गया है।

कर्जदारों से था परेशान

पुलिस के मुताबिक, शाहिद पिछले आठ महीने से संजय नगर में किराए के मकान में रह रहा था। उसके साथ पत्नी राबिया, बेटा इरशाद अली (19), बेटी शाहिदा (17) और इरशाबा बेगम (16) रहती थीं। शाहिद पुरानी बैटरियों की खरीद-बिक्री का कारोबार करता था, जबकि उसका बेटा एक निजी कंपनी में नौकरी करता था।

गुरुवार शाम के बाद परिवार का कोई सदस्य दिखाई नहीं दिया। शुक्रवार को दिनभर घर का दरवाजा बंद रहा। पड़ोसियों ने कई बार आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। रात करीब 10 बजे घर के भीतर से तेज बदबू आने पर पुलिस को सूचना दी गई। टिकरापारा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दरवाजा तोड़ा तो अंदर का दृश्य देखकर सभी सन्न रह गए। शाहिद का शव फंदे से लटका हुआ था, जबकि पत्नी और तीनों बच्चों के शव जमीन पर पड़े थे।

पुलिस ने बताया कि सभी मृतकों के मुंह से झाग निकल रहा था। कमरे से खाने-पीने का सामान और एक कीटनाशक का डिब्बा भी बरामद हुआ है। इससे आशंका जताई जा रही है कि पहले खाने में जहर मिलाकर परिवार के सदस्यों को दिया गया, जिसके बाद शाहिद ने आत्महत्या कर ली। हालांकि मौत का वास्तविक कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही स्पष्ट होगा। पुलिस अधिकारियों के अनुसार पीड़ित कारोबारी पर कर्ज था और वो इसको लेकर अक्सर परेशान रहता था।

Follow Us on Our Social Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button