Chhattisgarh

साय सरकार पर भूपेश बघेल का हमला: बोले- ‘कका अभी जिंदा है’, सामूहिक नेतृत्व में चुनाव लड़ेगी कांग्रेस

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल (BHUPESH BAGHEL) ने बिलासपुर दौरे के दौरान केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला।

सर्किट हाउस में पत्रकारों से चर्चा करते हुए उन्होंने महंगाई, किसानों की समस्याओं, बिजली दरों में वृद्धि और कानून-व्यवस्था के मुद्दों को लेकर सरकार को घेरा। बघेल ने कहा कि “कका अभी जिंदा है और कका का तेवर भी बरकरार है”, लेकिन आगामी विधानसभा चुनाव कांग्रेस सामूहिक नेतृत्व में लड़ेगी।

साय सरकार पर जमकर साधा निशाना

पूर्व मुख्यमंत्री (BHUPESH BAGHEL) ने आरोप लगाया कि प्रदेश में किसान खाद की कमी और कालाबाजारी से परेशान हैं। डीएपी और सुपर फॉस्फेट जैसी जरूरी खाद पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध नहीं है, जबकि बाजार में ऊंचे दामों पर खाद बेची जा रही है। उन्होंने कहा कि किसानों से 200 से 700 रुपये तक अतिरिक्त वसूली की जा रही है और सरकार इस पर अंकुश लगाने में विफल साबित हुई है।

बघेल ने बिजली दरों में बढ़ोतरी को भी जनता विरोधी कदम बताते हुए कहा कि “डबल इंजन सरकार” के दावों के बावजूद आम लोगों पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है। उन्होंने पेट्रोल-डीजल की कीमतों को लेकर केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी से सवाल किया कि जब अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें कम हुई हैं, तो तेल कंपनियों के मुनाफे का लाभ जनता को क्यों नहीं दिया जा रहा।

लॉ एंड ऑर्डर पर सरकार को घेरा

कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर भी उन्होंने सरकार को घेरते हुए कहा कि प्रदेश में हत्या, लूट और दुष्कर्म की घटनाएं बढ़ रही हैं। जेलों के भीतर भी अपराध हो रहे हैं और रेत माफिया खुलेआम सक्रिय हैं।

भूपेश बघेल (BHUPESH BAGHEL) ने भाजपा और आरएसएस पर निशाना साधते हुए कहा कि “राम नाम की लूट है, लूट सके तो लूट।” उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ संगठन राम मंदिर के नाम पर लोगों की भावनाओं का इस्तेमाल कर रहे हैं।

साथ ही उन्होंने दावा किया कि राहुल गांधी की छवि खराब करने के लिए भाजपा करोड़ों रुपये खर्च कर चुकी है, क्योंकि वह उनके बढ़ते प्रभाव से डरती है। कांग्रेस नेता ने कहा कि पार्टी संगठन और विधानसभा दोनों स्तर पर सामूहिक नेतृत्व के साथ जनता के मुद्दों पर संघर्ष जारी रखेगी।

Follow Us on Our Social Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button