ChhattisgarhRaipur

छत्तीसगढ़ के शिक्षकों के लिए बड़ी खबर! 1100 नामों की सूची में छंटनी,

करीब 700 के ट्रांसफर जल्द

रायपुर-छत्तीसगढ़ में लंबे समय से तबादले का इंतजार कर रहे शिक्षकों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। विभागीय सूत्रों के मुताबिक करीब 700 शिक्षकों के ट्रांसफर आदेश जल्द जारी हो सकते हैं। हालांकि, अभी शिक्षा विभाग की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

बताया जा रहा है कि अंतिम सूची तैयार करने से पहले विभाग ने कई स्तरों पर जांच और समीक्षा की। इसी दौरान करीब 400 नाम सूची से हटा दिए गए। अब करीब 700 शिक्षकों के नाम अंतिम सूची में बताए जा रहे हैं और शासन की मंजूरी का इंतजार है।

1600 नामों से शुरू हुई थी प्रक्रिया

सूत्रों के अनुसार, शिक्षकों के तबादले को लेकर शुरुआत में करीब 1600 प्रस्ताव तैयार किए गए थे। इनमें प्राप्त आवेदन और नेताओं की अनुशंसाओं के आधार पर नाम शामिल किए गए थे।

लेकिन संख्या ज्यादा होने के कारण फाइल वापस भेजी गई और सूची को कम करने के निर्देश दिए गए। इसके बाद करीब 1000 शिक्षकों की संशोधित सूची तैयार हुई।

अंतिम परीक्षण के दौरान भी विभाग ने तय मापदंडों के आधार पर करीब 400 नाम हटा दिए। इसके बाद अब करीब 700 शिक्षकों के नाम बचने की बात सामने आ रही है।

इन शिक्षकों के नाम काटे गए

विभागीय सूत्रों के मुताबिक, जिन शिक्षकों के तबादले से स्कूलों की पढ़ाई प्रभावित होने की संभावना थी, उनके नाम सूची से हटाए गए हैं।

इसमें युक्तियुक्तकरण से प्रभावित शिक्षक, एकल शिक्षक वाले स्कूलों में पदस्थ शिक्षक, ऐसे शिक्षक जिनके जाने से स्कूल शिक्षकविहीन हो सकते हैं और अधिसूचित क्षेत्र से गैर-अधिसूचित क्षेत्र में तबादले के मामले शामिल हैं।

इसके अलावा अधिक छात्र संख्या वाले स्कूलों में पदस्थ शिक्षकों को भी सूची से बाहर रखा गया है।

शिक्षा विभाग ने साधी चुप्पी

तबादला सूची को लेकर शिक्षा विभाग की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। अधिकारियों ने इस मामले पर फिलहाल कोई स्पष्ट जानकारी देने से इनकार किया है।

हालांकि, विभागीय सूत्रों का दावा है कि अंतिम सूची तैयार हो चुकी है और शासन से मंजूरी मिलते ही आदेश जारी किए जा सकते हैं।

ऑनलाइन ट्रांसफर सिस्टम की भी तैयारी

इधर, शिक्षकों के तबादले की प्रक्रिया को आसान और पारदर्शी बनाने के लिए शिक्षा विभाग ऑनलाइन ट्रांसफर सिस्टम लागू करने पर भी विचार कर रहा है।

प्रस्तावित व्यवस्था में शिक्षक पोर्टल के जरिए खुद आवेदन कर सकेंगे। आवेदन के साथ दस्तावेज जमा करने, सत्यापन और आवेदन की मॉनिटरिंग भी ऑनलाइन किए जाने की तैयारी है।

शिक्षकों को आदेश का इंतजार

ऑनलाइन ट्रांसफर व्यवस्था को लेकर अभी कोई आधिकारिक आदेश जारी नहीं हुआ है। विभाग इसके तकनीकी और प्रशासनिक पहलुओं पर विचार कर रहा है।

फिलहाल शिक्षकों की नजर अंतिम तबादला सूची और आदेश जारी होने पर टिकी हुई है। अब देखना होगा कि शासन की मंजूरी कब मिलती है और करीब 700 शिक्षकों के ट्रांसफर आदेश कब जारी होते हैं।

 

Follow Us on Our Social Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button