रायपुर वालों को बड़ी राहत, 8 मिनी बसें सड़कों पर उतरीं
अब कम किराए में स्टेशन पहुंचेंगे रायपुरवासी

रायपुर। अगर आप रोजाना रेलवे स्टेशन या भाठागांव बस(Bus) स्टैंड आने-जाने के लिए ऑटो पर ज्यादा पैसा खर्च करते हैं, तो अब आपके लिए राहत की खबर है। राजधानी रायपुर में शहर के लोगों को सस्ता और सुविधाजनक सफर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 8 नई मिनी सिटी बसों की शुरुआत की गई है। यह सेवा फिलहाल 45 दिनों के पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर शुरू हुई है, जिसके बाद यात्रियों की संख्या और जरूरत के आधार पर आगे की योजना बनाई जाएगी।
15 से 20 मिनट में मिलेगी सिटी बस नहीं करना पड़ेगा लम्बा इन्तजार
नई व्यवस्था के तहत बसों का संचालन सुबह 6:30 बजे से शुरू होगा और लगभग हर 15 से 20 मिनट में यात्रियों को बस(Bus) मिल सकेगी। इससे लंबे इंतजार की समस्या काफी हद तक कम होने की उम्मीद है। शुरुआती चरण में दो रूट तय किए गए हैं। पहला रूट टाटीबंध चौक से आमापारा होते हुए रेलवे स्टेशन तक जाएगा। इस पूरे रूट के लिए टाटीबंध से रेलवे स्टेशन तक 25 रुपये किराया निर्धारित किया गया है।
वहीं दूसरी मिनी बस(Bus) अंतरराज्यीय बस स्टैंड (आईएसबीटी) भाठागांव से चलेगी, जो संतोषी नगर चौक, पचपेड़ी नाका, सिद्धार्थ चौक, कालीबाड़ी और घड़ी चौक से होकर रेलवे स्टेशन पहुंचेगी। इस रूट के शुरू होने से इन इलाकों में रहने वाले लोगों को सीधे रेलवे स्टेशन तक पहुंचने की सुविधा मिल सकेगी।
दो रुपये प्रति किलोमीटर के हिसाब से तय होगा किराया
जानकारी के मुताबिक, सामान्य किराया लगभग दो रुपये प्रति किलोमीटर के हिसाब से तय किया गया है, जबकि कुछ प्रमुख रूटों पर निश्चित किराया लागू रहेगा। इस नई सुविधा का मुख्य उद्देश्य शहर में सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देना और लोगों की निजी वाहनों व महंगे ऑटो पर निर्भरता को कम करना है।

