Follow Us on Our Social Media
Chhattisgarh

ATKT छात्रों को बड़ी राहत, अब पांचवें सेमेस्टर में मिलेगा सशर्त प्रवेश; NSUI के आंदोलन के बाद सरकार का फैसला

रायपुर। छत्तीसगढ़ में स्नातक प्रथम और द्वितीय सेमेस्टर में ATKT के कारण तीसरे वर्ष में प्रवेश से वंचित विद्यार्थियों के लिए राहत की खबर है। राज्य सरकार ने ऐसे विद्यार्थियों को अकादमिक सत्र 2026-27 के पांचवें सेमेस्टर में सशर्त प्रावधिक प्रवेश देने की अनुमति दे दी है। इस संबंध में उच्च शिक्षा विभाग ने आदेश जारी कर दिया है।

उच्च शिक्षा विभाग ने जारी किया आदेश

छत्तीसगढ़ शासन के उच्च शिक्षा विभाग के आदेश के मुताबिक, स्नातक प्रथम एवं द्वितीय सेमेस्टर में ATKT प्राप्त विद्यार्थियों के शैक्षणिक हित को ध्यान में रखते हुए उन्हें पांचवें सेमेस्टर में सशर्त प्रावधिक प्रवेश दिया जाएगा।

हालांकि, विद्यार्थियों के लिए प्रथम और द्वितीय सेमेस्टर की ATKT परीक्षाएं पास करना अनिवार्य होगा। ये परीक्षाएं नियमित विद्यार्थियों के साथ निर्धारित परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार आयोजित की जाएंगी।

NSUI के लगातार आंदोलन के बाद आया फैसला

ATKT के कारण तीसरे वर्ष में प्रवेश पर रोक लगाए जाने के विरोध में NSUI और पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय (PRSU) अध्यक्ष पुनेश्वर लहरे के नेतृत्व में छात्र लगातार प्रदर्शन कर रहे थे।

सोमवार को भी NSUI नेताओं, कार्यकर्ताओं और छात्रों ने आंदोलन करते हुए विद्यार्थियों की समस्या को उठाया था। छात्रों की लगातार मांग थी कि ATKT के कारण उन्हें तीसरे वर्ष की पढ़ाई से वंचित नहीं किया जाए।

आंदोलन और छात्रों के आक्रोश के बीच राज्य सरकार और विश्वविद्यालयों की ओर से विद्यार्थियों के हित में यह निर्णय लिया गया है।

करीब 30 से 40 छात्रों को मिल रहा था नुकसान

पुनेश्वर लहरे ने बताया कि पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय में NSUI के आंदोलन की प्रमुख मांग थी कि जिन विद्यार्थियों को ATKT मिली है, उन्हें थर्ड ईयर में प्रवेश से नहीं रोका जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि छात्रों के आंदोलन के बाद राज्य शासन ने राहत देते हुए अपना फैसला जारी किया है। अब ATKT के कारण विद्यार्थियों को आगे की पढ़ाई से वंचित नहीं होना पड़ेगा, बल्कि उन्हें सशर्त प्रावधिक प्रवेश दिया जाएगा।

लहरे के मुताबिक, करीब 30 से 40 विद्यार्थियों को तीसरे वर्ष में प्रवेश से वंचित किया जा रहा था। उन्होंने इस फैसले को छात्रों की बड़ी जीत बताते हुए NSUI नेताओं, कार्यकर्ताओं और विद्यार्थियों को बधाई दी।

ATKT परीक्षा पास करना होगा जरूरी

सरकार के नए आदेश के तहत विद्यार्थियों को पांचवें सेमेस्टर में प्रावधिक प्रवेश तो मिलेगा, लेकिन उन्हें प्रथम और द्वितीय सेमेस्टर की ATKT परीक्षाएं निर्धारित समय पर उत्तीर्ण करनी होंगी। यानी प्रवेश की सुविधा सशर्त रहेगी और विद्यार्थियों को अपनी लंबित परीक्षाएं पास करना अनिवार्य होगा।

इस फैसले से ATKT के कारण अपनी पढ़ाई प्रभावित होने की आशंका झेल रहे विद्यार्थियों को बड़ी राहत मिली है।

Follow Us on Our Social Media

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button