बिहार एमएलसी चुनाव: भाजपा ने पवन सिंह पर खेला दांव, जदयू ने निशांत कुमार को बनाया उम्मीदवार

पटना। बिहार विधान परिषद (एमएलसी) चुनाव के लिए भाजपा और जनता दल (यूनाइटेड) ने अपने-अपने चार-चार उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी है। दोनों दलों ने आगामी चुनाव को लेकर अपनी रणनीति स्पष्ट करते हुए प्रमुख चेहरों को मैदान में उतारा है।
भाजपा ने भोजपुरी अभिनेता और गायक पवन सिंह, संजय मयूख, अनिल कुमार ठाकुर और शीला पंडित को उम्मीदवार बनाया है। वहीं, जदयू ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार, भारती मेहता, शिवरानी देवी प्रजापति और ललन प्रसाद को प्रत्याशी घोषित किया है।
18 जून को होने वाले चुनाव में सबसे अधिक चर्चा निशांत कुमार की उम्मीदवारी को लेकर है। माना जा रहा है कि उनका विधान परिषद पहुंचना लगभग तय है। निशांत कुमार फिलहाल किसी भी सदन के सदस्य नहीं हैं और हाल ही में राज्य सरकार में मंत्री बने हैं।
जदयू ने ललन प्रसाद को उस सीट से उम्मीदवार बनाया है, जो नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद रिक्त हुई थी। नीतीश कुमार ने राज्यसभा सदस्य बनने के बाद विधान परिषद की सदस्यता छोड़ दी थी।
वहीं भाजपा की सूची में सबसे चर्चित नाम पवन सिंह का है। इससे पहले उनके राज्यसभा चुनाव लड़ने की भी चर्चा हुई थी, लेकिन पार्टी ने तब उन्हें मौका नहीं दिया था। वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में पवन सिंह ने काराकाट सीट से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ा था, हालांकि उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।
एमएलसी चुनाव को लेकर दोनों दलों की उम्मीदवार सूची ने बिहार की राजनीति में नई चर्चा छेड़ दी है, खासकर निशांत कुमार और पवन सिंह की एंट्री को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

