Chhattisgarh

NEET UG 2026 पुनः परीक्षा: 21 जून को होगी परीक्षा, मुख्य सचिव ने तैयारियों की समीक्षा की,कलेक्टरों की वीडियो कॉन्फ्रेंस बैठक

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव विकासशील ने आगामी 21 जून को आयोजित होने वाली NEET (UG) 2026 पुनः परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा की। मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंस बैठक में उन्होंने सभी जिला कलेक्टरों और पुलिस अधीक्षकों को परीक्षा के सुचारु एवं सुरक्षित संचालन के लिए आवश्यक निर्देश दिए।

मुख्य सचिव ने अधिकारियों से परीक्षा केंद्रों का पूर्व निरीक्षण करने और सभी व्यवस्थाओं की जांच करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि परीक्षा के दौरान राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) और केंद्र सरकार के सभी दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने कहा कि 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस भी है, इसलिए यह सुनिश्चित किया जाए कि योग दिवस से जुड़ी गतिविधियों का परीक्षा संचालन पर कोई प्रभाव न पड़े। परीक्षा केंद्रों तक अभ्यर्थियों के आने-जाने की समुचित व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए गए।

Screenshot

मुख्य सचिव ने जिला शिक्षा अधिकारी और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी की संयुक्त टीम द्वारा विद्यार्थियों की काउंसलिंग कराने को कहा, ताकि छात्र परीक्षा को लेकर तनावमुक्त रहें और आत्मविश्वास के साथ परीक्षा दे सकें।

उन्होंने 20 जून को परीक्षा संबंधी सभी व्यवस्थाओं की मॉक ड्रिल कराने के निर्देश भी दिए। साथ ही परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा।

बैठक में एनटीए के महानिदेशक अभिषेक सिंह ने बताया कि छत्तीसगढ़ में नीट (यूजी) 2026 पुनः परीक्षा 19 शहरों के 127 परीक्षा केंद्रों में आयोजित की जाएगी। प्रश्नपत्र और ओएमआर शीट का परिवहन वायुसेना के माध्यम से किया जाएगा, जिसके लिए सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए जाएंगे।

सभी जिलों में नियंत्रण कक्ष स्थापित कर परीक्षा दिवस पर सक्रिय रखने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि परीक्षा प्रक्रिया की प्रभावी निगरानी की जा सके।

Follow Us on Our Social Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button