16 साल बाद ‘कॉफी विद करण’ में साथ नजर आएंगे सैफ-करीना, करण जौहर के सामने खोले कई राज

मुंबई। बॉलीवुड के चर्चित टॉक शो ‘कॉफी विद करण’ के सीजन 9 का चौथा एपिसोड खास होने वाला है। इस बार करण जौहर के आइकॉनिक कॉफी काउच पर बॉलीवुड के चर्चित कपल सैफ अली खान और करीना कपूर खान एक साथ नजर आएंगे। पूरे 16 साल बाद यह जोड़ी शो में साथ दिखाई देगी। एपिसोड का टीजर सामने आ चुका है, जिसमें दोनों के बीच मजेदार बातचीत, हंसी-मजाक और बेबाक जवाब देखने को मिल रहे हैं।
सैफ और करीना इससे पहले साल 2010 में ‘कॉफी विद करण’ के सीजन 3 में साथ नजर आए थे। उस समय दोनों एक-दूसरे को डेट कर रहे थे। अब 16 साल बाद शादीशुदा कपल के तौर पर उनकी यह पहली जॉइंट अपीयरेंस होगी।
टीजर की शुरुआत में करण जौहर दोनों का गर्मजोशी से स्वागत करते नजर आते हैं। बातचीत के दौरान करीना इस बात पर राहत जताती हैं कि यह शो का आखिरी सीजन है, इसलिए उन्हें दोबारा इस काउच पर आने की चिंता नहीं करनी पड़ेगी। इस पर करण मजाकिया अंदाज में उन्हें ‘थोड़ी संवेदनशीलता दिखाने’ के लिए धन्यवाद देते हैं। इसके बाद दोनों के बीच पुरानी नोकझोंक शुरू हो जाती है।
सैफ के जवाब ने करण को किया हैरान
शो में करण जौहर ने सैफ और करीना से कई दिलचस्प सवाल पूछे। जब करण ने सैफ से पूछा कि इस समय बॉलीवुड की नंबर वन फीमेल स्टार कौन है, तो उन्होंने बिना देर किए अपनी पत्नी करीना कपूर की ओर इशारा कर दिया।
वहीं, करीना से पूछा गया कि क्या बॉलीवुड का कोई नेपो बेबी वैश्विक स्तर पर मेनस्ट्रीम स्टार बन सकता है? इस पर सैफ ने मजाकिया अंदाज में इसका श्रेय करण जौहर को दे दिया। सैफ के इस जवाब ने करण को कुछ पल के लिए खामोश कर दिया और टीजर का यह सबसे मजेदार पल बन गया।
सीजन 9 में अब तक दिखे कई बड़े सितारे
‘कॉफी विद करण’ का नौवां सीजन शुरुआत से ही चर्चा में है। पहले एपिसोड में सलमान खान नजर आए थे। दूसरे एपिसोड में रश्मिका मंदाना और विजय देवरकोंडा ने अपनी मौजूदगी दर्ज कराई, जबकि तीसरे एपिसोड में वरुण धवन और जान्हवी कपूर ने शो में खूब मस्ती की।
अब चौथे एपिसोड में सैफ अली खान और करीना कपूर खान की जोड़ी दर्शकों का मनोरंजन करने के लिए तैयार है। 16 साल बाद दोनों को एक साथ शो में देखना उनके प्रशंसकों के लिए खास होने वाला है।



