Follow Us on Our Social Media
Chhattisgarh

कांग्रेस प्रभारी सुखदेव भगत के बस्तर दौरे पर BJP हमलावर, संतोष पांडे बोले- ‘देखते हैं कितना दमखम है’

रायपुर। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस के नए प्रभारी सुखदेव भगत के बस्तर दौरे को लेकर भाजपा ने निशाना साधा है। सांसद और भाजपा के प्रदेश प्रमुख प्रवक्ता संतोष पांडे ने चुनौती भरे अंदाज में कहा कि सुखदेव भगत बस्तर आएं और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज व नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत के साथ पार्टी को मजबूत करने का प्रशिक्षण लें। उन्होंने कहा कि अब देखना होगा कि नए प्रभारी कितना दमखम दिखाते हैं और पार्टी में कितना प्रभाव डाल पाते हैं।

सुखदेव भगत के बस्तर दौरे से कांग्रेस को राजनीतिक फायदा होने के सवाल पर संतोष पांडे ने कहा कि कांग्रेस को न सरगुजा में कुछ हासिल होगा और न ही बस्तर में। उन्होंने दावा किया कि छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सरकार अच्छा काम कर रही है और गुड गवर्नेंस के मामले में प्रदेश शीर्ष पर है। उन्होंने कहा कि सुखदेव भगत पूरे छत्तीसगढ़ का दौरा कर लें, उन्हें कोई बड़ा मुद्दा नहीं मिलने वाला और उनके दौरे का कोई फायदा नहीं होगा।

केदार कश्यप बोले- बस्तर में कांग्रेस ने कभी चिंता नहीं की

कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप ने सुखदेव भगत के बस्तर दौरे को लेकर कहा कि छत्तीसगढ़ में उनका स्वागत है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रभारी बस्तर में पार्टी की स्थिति जानने और उसकी “नब्ज टटोलने” आ रहे हैं। केदार कश्यप ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने कभी बस्तर की चिंता नहीं की और केवल राजनीतिक उद्देश्य से यहां आती रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के सत्ता में रहने के दौरान बस्तर के साथ सौतेले भाई जैसा व्यवहार किया गया और नीतियों में पक्षपात किया गया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की नीतियों के कारण बस्तर लंबे समय तक नक्सलवाद से प्रभावित रहा। अब सुखदेव भगत बस्तर आकर पार्टी की स्थिति का जायजा लेंगे और यह देखना होगा कि कांग्रेस उन्हें किस तरह का राजनीतिक जवाब देती है।

बाढ़ राहत पर बोले- RBC 6-4 के तहत मिलेगा मुआवजा

बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में मुआवजा वितरण में पक्षपात के आरोपों पर मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि सभी प्रभावित क्षेत्रों में RBC 6-4 के प्रावधानों के तहत मुआवजा दिया जाएगा। उन्होंने कांग्रेस पर भ्रम फैलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि विपक्ष को इस मुद्दे पर राजनीति नहीं करनी चाहिए।

उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जब छत्तीसगढ़ में मौतें होती थीं, तब बड़ी आर्थिक सहायता देने की बातें की जाती थीं, लेकिन उसे पूरा नहीं किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस छत्तीसगढ़ की जनता के हित में काम करने के बजाय केवल भ्रम फैलाने का काम कर रही है।

वनतारा के विशेषज्ञों के छत्तीसगढ़ आने पर क्या बोले केदार कश्यप?

वनतारा के विशेषज्ञों के छत्तीसगढ़ आने के सवाल पर वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि वनतारा में तकनीक का बेहतर इस्तेमाल किया जा रहा है और राज्य भी वहां से काफी मदद ले रहा है। उन्होंने कहा कि वनतारा में अंतरराष्ट्रीय स्तर के विशेषज्ञ मौजूद हैं।

उन्होंने बताया कि जंगल सफारी में भी वन्यजीवों की संख्या बढ़ रही है और उनके समूह के माध्यम से जू को अपडेट किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसका उद्घाटन किया था।

धर्मांतरण के मुद्दे पर कांग्रेस पर हमला

धर्मांतरण को लेकर आई रिपोर्ट और जनजातीय जागरण मंच के संदर्भ में केदार कश्यप ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने सवाल किया कि जो लोग आज बस्तर में राजनीति करने की कोशिश कर रहे हैं, वे उस समय कहां थे जब आदिवासी समाज अवैध धर्मांतरण के खिलाफ बैठकें कर रहा था।

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने आदिवासी समाज को लोभ-प्रलोभन देकर धर्मांतरण की कोशिशों को बढ़ावा दिया और आदिवासियों को शिक्षा व स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं से वंचित रखा।

Follow Us on Our Social Media

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button