17 करोड़ रुपये सालाना हेल्थ पर खर्च करने वाले ब्रायन जॉनसन को दुर्लभ बीमारी, बढ़ सकता है कैंसर का खतरा

अमेरिका के मशहूर टेक उद्यमी और बायोहैकर Bryan Johnson ने खुलासा किया है कि उन्हें ऑटोइम्यून गैस्ट्राइटिस (AIG) नाम की एक दुर्लभ बीमारी हो गई है। ब्रायन हर साल करीब 20 लाख डॉलर (लगभग 17 करोड़ रुपये) एंटी-एजिंग और हेल्थ प्रोग्राम पर खर्च करते हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें यह बीमारी हो गई।
ब्रायन ने बताया कि इस बीमारी में शरीर का इम्यून सिस्टम गलती से पेट की अंदरूनी परत पर हमला करने लगता है। इससे पेट में एसिड बनने की क्षमता कम हो जाती है और शरीर आयरन व विटामिन B12 को ठीक से अवशोषित नहीं कर पाता। लंबे समय तक यह बीमारी बिना किसी बड़े लक्षण के भी रह सकती है।
डॉक्टरों ने एंडोस्कोपी, खून की जांच और बायोप्सी के बाद बीमारी की पुष्टि की। फिलहाल इसका कोई स्थायी इलाज नहीं है। मरीजों को आयरन और विटामिन B12 की कमी पूरी करनी होती है और पेट के कैंसर के खतरे को देखते हुए नियमित जांच करानी पड़ती है।
48 वर्षीय ब्रायन जॉनसन अपनी कंपनी बेचने के बाद एंटी-एजिंग रिसर्च और Blueprint हेल्थ प्रोग्राम के लिए दुनियाभर में चर्चा में आए। वे रोजाना सख्त डाइट, नियमित व्यायाम, कई मेडिकल टेस्ट और सैकड़ों सप्लीमेंट लेते हैं।
ब्रायन का कहना है कि यह बीमारी करीब 2 से 5 प्रतिशत लोगों में पाई जाती है, लेकिन कई मामलों में लंबे समय तक इसका पता नहीं चल पाता। उन्होंने कहा कि वे डॉक्टरों और वैज्ञानिकों के साथ मिलकर इस बीमारी को बेहतर ढंग से समझने और इसके इलाज की संभावनाओं पर काम जारी रखेंगे।

