Chhattisgarh

बम्हनीडीह नगर पंचायत चुनाव में प्रचार तेज, आज चुनावी सभा करेंगे उपमुख्यमंत्री अरुण साव

जांजगीर-चांपा जिले के बम्हनीडीह नगर पंचायत चुनाव को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया है। नगर पंचायत बनने के बाद यहां पहली बार अध्यक्ष और 15 पार्षद पदों के लिए चुनाव हो रहा है। 1 जून को करीब 4,300 मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे।

कांग्रेस और भाजपा दोनों ही दलों के प्रत्याशी जोर-शोर से प्रचार अभियान में जुटे हुए हैं। विकास के मुद्दों और स्थानीय समस्याओं को लेकर मतदाताओं को साधने की कोशिश की जा रही है। इसी कड़ी में आज अरुण साव बम्हनीडीह में चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। इस दौरान भाजपा अपना घोषणा पत्र भी जारी करेगी।

कांग्रेस की ओर से भी प्रचार अभियान तेज किया गया है। भूपेश बघेल ने सक्ती और जांजगीर जिले के कांग्रेस विधायकों के साथ चुनाव प्रचार किया। वहीं पूर्व मंत्री जय सिंह अग्रवाल ने सामाजिक बैठकों के जरिए कांग्रेस समर्थित प्रत्याशियों के पक्ष में वोट करने की अपील की।

जय सिंह अग्रवाल ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए महंगाई, भ्रष्टाचार और कानून व्यवस्था के मुद्दे उठाए। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार के बावजूद जनता परेशान है और भ्रष्टाचार बढ़ा है।

भाजपा ने इस चुनाव के लिए गुरु खुशवंत साहेब को चुनाव प्रभारी बनाया है। उन्होंने कहा कि भाजपा बम्हनीडीह के विकास की स्पष्ट रूपरेखा जनता के सामने रखेगी।

गुरु खुशवंत साहेब ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस ने हमेशा संत समाज का अपमान किया है और जनता इसका जवाब चुनाव में देगी।

Follow Us on Our Social Media
Back to top button