20 साल बाद घर लौटे अब्दुल रहीम, केरल के लोगों ने जुटाए थे 34 करोड़ रुपये

अब्दुल रहीम करीब 20 साल सऊदी अरब की जेल में बिताने के बाद आखिरकार अपने घर लौट आए हैं। बकरीद के मौके पर उनकी घर वापसी पर परिवार और स्थानीय लोगों ने जोरदार स्वागत किया। लंबे समय से बेटे के इंतजार में बैठी उनकी मां भावुक हो गईं और दोनों की मुलाकात के दौरान माहौल बेहद भावुक हो गया।
केरल के कोझिकोड के रहने वाले रहीम साल 2006 में नौकरी के लिए सऊदी अरब गए थे। वहां उन पर एक दिव्यांग सऊदी बच्चे की कथित मौत का आरोप लगा, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। साल 2018 में उन्हें मौत की सजा सुनाई गई थी।
रहीम की रिहाई के लिए 15 मिलियन सऊदी रियाल यानी करीब 34 करोड़ रुपये ‘ब्लड मनी’ के तौर पर चुकाने थे। इसके लिए केरल के लोगों ने बड़ा अभियान चलाया और महज चार दिनों में पूरी रकम जुटा ली। लोगों की इस मदद से रहीम की फांसी टल गई और उनकी रिहाई संभव हो सकी।
एयरपोर्ट पहुंचने पर रहीम भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि वे उन सभी लोगों के आभारी हैं जिन्होंने उनकी मदद की और उन्हें दोबारा अपनी मां से मिलने का मौका दिया।
घर पहुंचने पर रहीम ने अपनी मां को गले लगाया और दोनों की आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़े। बकरीद के दिन उनकी वापसी को लेकर पूरे इलाके में खुशी का माहौल देखने को मिला।

