अमित शाह पर आपत्तिजनक पोस्ट का मामला, रायपुर में FIR दर्ज; इंस्टाग्राम अकाउंट चलाने वालों की तलाश तेज

सोशल मीडिया पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और छत्तीसगढ़ के कुछ अधिकारियों को लेकर आपत्तिजनक और कथित तौर पर भ्रामक पोस्ट शेयर करने का मामला सामने आया है। मामले में रायपुर के सिविल लाइन थाने में शिकायत के आधार पर FIR दर्ज की गई है। पुलिस ने सोशल मीडिया अकाउंट और पोस्ट से जुड़े तथ्यों की जांच शुरू कर दी है।
अमित शाह पर आपत्तिजनक पोस्ट का मामला:इंस्टाग्राम अकाउंट से पोस्ट शेयर करने का आरोप
शिकायतकर्ता अमन यादव, निवासी श्याम नगर तेलीबांधा ने पुलिस को बताया कि cg_motu_patlu_18 और cg_motu_patlu_1257 नाम के इंस्टाग्राम अकाउंट से लगातार पोस्ट और वीडियो शेयर किए जा रहे हैं। आरोप है कि इन पोस्ट में छत्तीसगढ़ की जनता, समाज और प्रशासन से जुड़े लोगों के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि दोनों अकाउंट से केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और कुछ अधिकारियों से संबंधित वीडियो शेयर कर उनके बारे में आपत्तिजनक टिप्पणियां की गईं। शिकायतकर्ता ने कहा कि सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए संबंधित लोगों की छवि खराब करने और उनके बारे में गलत या भ्रामक जानकारी फैलाने का प्रयास किया जा रहा है।
अमित शाह पर आपत्तिजनक पोस्ट का मामला:पुलिस ने शुरू की जांच
शिकायतकर्ता ने पुलिस से दोनों इंस्टाग्राम अकाउंट की जांच कर उन्हें संचालित करने वाले लोगों की पहचान करने और नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है। उनका कहना है कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के तहत आलोचना की जा सकती है, लेकिन जानबूझकर झूठी, भ्रामक, अश्लील या आपत्तिजनक सामग्री के जरिए किसी की छवि खराब करना अलग मामला है।
सिविल लाइन थाना प्रभारी यामन देवांगन के मुताबिक शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सोशल मीडिया अकाउंट की गतिविधियों, पोस्ट और वीडियो की सामग्री के साथ-साथ अकाउंट संचालकों की पहचान से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़े :-विशाखापत्तनम में 6 साल के बच्चे की मौत, होमवर्क को लेकर टीचर ने मारा था चांटा; CCTV में सामने आया पूरा मामला



