Follow Us on Our Social Media
Entertainment

पूजा भट्ट की शादी क्यों टूटी? 11 साल बाद एक्ट्रेस ने खोला राज;बताई तलाक की असली वजह

मुंबई।  फिल्म निर्माता महेश भट्‌ट की बड़ी बेटी और अभिनेत्री पूजा भट्‌ट ने अपनी शादी और तलाक को लेकर पहली बार खुलकर बात की है। हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में पूजा भट्ट ने बताया कि उनकी 11 साल पुरानी शादी टूटने की असली वजह क्या थी और उन्होंने अलग होने का फैसला क्यों लिया।
पूजा भट्ट ने साल 2003 में व्यवसायी मनीष माखीजा से शादी की थी। दोनों का रिश्ता दोस्ती और भरोसे से शुरू हुआ था, लेकिन समय के साथ उनके बीच दूरी बढ़ने लगी। पूजा ने कहा कि वह शादी में खुद को अकेला महसूस करने लगी थीं और उन्हें लगने लगा था कि रिश्ता अब पहले जैसा नहीं रहा।
अभिनेत्री के मुताबिक, उन्होंने अपने पति से साफ कहा था कि वह किसी रिश्ते को सिर्फ दिखावे के लिए नहीं निभा सकतीं। उनका मानना था कि अगर रिश्ते में सच्चाई और भावनात्मक जुड़ाव नहीं बचा है, तो उसे जबरन जारी रखना दोनों के लिए गलत होगा। उन्होंने बताया कि इस रिश्ते में कहीं न कहीं वह अपनी पहचान खोती जा रही थीं और खुद को फिर से पाना चाहती थीं।

मां नहीं बनना शादी टूटने का बडा कारण

पूजा भट्ट ने यह भी खुलासा किया कि मां न बनने की उनकी इच्छा भी शादी टूटने का एक बड़ा कारण थी। उन्होंने कहा कि उन्हें बच्चे पसंद हैं, लेकिन उन्होंने कभी खुद को मां के रूप में नहीं देखा। अपने करियर और व्यक्तिगत लक्ष्यों को प्राथमिकता देने के कारण उन्होंने मातृत्व को नहीं चुना। उनका मानना है कि जीवन के इतने महत्वपूर्ण फैसले समाज या दूसरों की अपेक्षाओं के आधार पर नहीं, बल्कि अपनी भावनाओं के अनुसार लेने चाहिए।

खुशी के लिए अन्य व्यक्ति पर निर्भर नहीं

पूजा ने कहा कि वह आज भी रिश्तों के लिए खुला नजरिया रखती हैं, लेकिन अपनी खुशी के लिए किसी अन्य व्यक्ति पर निर्भर नहीं रहना चाहतीं। उन्होंने यह भी बताया कि तलाक के बाद कुछ समय तक उनकी और मनीष मखीजा की दोस्ती बनी रही, हालांकि समय के साथ दोनों की राहें अलग हो गईं। फिलहाल पूजा अपनी जिंदगी में आगे बढ़ चुकी हैं और अपने फैसलों से संतुष्ट हैं।

Follow Us on Our Social Media

Related Articles

Back to top button