रायपुर में कथित धर्मांतरण को लेकर हंगामा: तीन महिलाओं पर प्रलोभन देने का आरोप, दोनों पक्षों की FIR

रायपुर। राजधानी रायपुर में कथित धर्मांतरण (conversion) को लेकर शनिवार रात विवाद की स्थिति बन गई। न्यू आनंद नगर निवासी 32 वर्षीय तरेन्द्र कुमार वर्मा ने तीन महिलाओं पर प्रलोभन देकर ईसाई धर्म अपनाने के लिए कहने का आरोप लगाया है।
शिकायत के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों की ओर से FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि छत्तीसगढ़ धर्म स्वातंत्र्य विधेयक के तहत रायपुर कमिश्नरेट में यह पहली FIR है।
जानकारी के मुताबिक, तरेन्द्र कुमार वर्मा मोबाइल दुकान संचालित करता है। उसकी पहचान सुषमा कौशिक, लक्ष्मी निषाद और सुरेखा रंगारे से पहले से थी। तीनों महिलाओं का उसकी दुकान पर आना-जाना भी बताया गया है।
यह भी पढ़े: अजय चंद्राकर का बड़ा आरोप- अरुण पन्नालाल धर्मांतरण के बड़े रैकेट के सरगना, उच्चस्तरीय जांच की मांग
तरेन्द्र ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि महिलाओं ने हिंदू धर्म को लेकर आपत्तिजनक बातें कहीं और उसे ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित किया।
प्रार्थना सभा में बुलाने का आरोप
शिकायत के अनुसार, सुषमा कौशिक ने तरेन्द्र को अपने घर पर होने वाली प्रार्थना सभा (conversion) में शामिल होने के लिए बुलाया था। तरेन्द्र का दावा है कि 21 अगस्त को दोपहर करीब 2:30 बजे वह वहां पहुंचा।
घर के अंदर करीब 20 से 25 लोग प्रार्थना कर रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान तीनों महिलाओं ने उसे ईसाई धर्म अपनाने के लिए कहा और प्रार्थना के जरिए बीमारी व परेशानियां दूर होने की बात बताई।
घटना के बाद तरेन्द्र ने अपने परिचितों को जानकारी दी। इसके बाद कुछ हिंदू संगठन के लोग महिलाओं के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर खमतराई थाने पहुंचे।
थाने में दोनों पक्ष आमने-सामने
मामले की जानकारी मिलने के बाद मसीही समाज (conversion) से जुड़े लोग भी थाने पहुंच गए। दोनों पक्षों के आमने-सामने आने से थाना परिसर में विवाद की स्थिति बन गई। पुलिस ने स्थिति संभालते हुए दोनों पक्षों की शिकायत दर्ज की।
पुलिस अब प्रार्थना सभा में हुई गतिविधियों, लगाए गए आरोपों और कथित प्रलोभन की जांच कर रही है। संबंधित लोगों के बयान लिए जा रहे हैं और उपलब्ध साक्ष्यों की भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।



