ब्लैक करेंसी स्कैम: खुद ठगी के शिकार हुए, फिर खड़ा कर लिया सिंडिकेट; 21 साल में 100 से ज्यादा लोगों को बनाया शिकार

रायपुर। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के कारोबारी से 1.13 करोड़ रुपए की ठगी के मामले की जांच में एक बड़े अंतरराज्यीय ठगी गिरोह ( Black Currency Scam) का खुलासा हुआ है।
रायपुर पुलिस ने मास्टरमाइंड समेत सात आरोपियों को पुणे के खंडाला स्थित एक रिसॉर्ट से गिरफ्तार किया है। इससे पहले मामले में दो महिलाओं को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस के मुताबिक गिरोह वर्ष 2005 से सक्रिय था और 100 से ज्यादा लोगों को ठगी का शिकार बना चुका है।
आरोपी लोगों को रकम दोगुनी करने, काले नोटों को केमिकल से असली करेंसी में बदलने और विदेशी फंड से जुड़े निवेश का झांसा देते थे। खुद को आरबीआई से रजिस्टर्ड और प्रभावशाली लोगों से जुड़ा बताकर पीड़ितों का भरोसा जीता जाता था। नेताओं और फिल्मी कलाकारों के साथ फोटो दिखाने के अलावा निजी गनमैन के साथ पहुंचकर भी रौब जमाया जाता था।
यह भी पढ़े: 13 लाख का कर्ज चुकाने के नाम पर दोस्त से ठगी, नकली सोने के पत्थर थमाकर किया बड़ा धोखा
5 स्टार होटल और रिसॉर्ट में बिछाते थे जाल
गिरोह दिल्ली, मुंबई, पुणे, हैदराबाद, राजस्थान, गुजरात और अन्य शहरों के महंगे होटल, विला और रिसॉर्ट में कारोबारियों ( Black Currency Scam) को बुलाता था।
यहां रकम दोगुनी करने और ब्लैक करेंसी को केमिकल से बदलने का पूरा डेमो दिखाया जाता था। इसके बाद विदेशी केमिकल, टेस्टिंग, सुरक्षा मंजूरी और फंड रिलीज के नाम पर अलग-अलग किश्तों में लाखों-करोड़ों रुपए लिए जाते थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 4 करोड़ रुपए से ज्यादा नकद, 17 मोबाइल फोन, नोट के आकार के काले कागज, कांच की प्लेटें और अन्य सामान बरामद किया है।
पहले खुद ठगे गए, फिर बनाया नेटवर्क
जांच में पता चला कि गिरोह के कुछ सदस्य 2005 से पहले इसी तरह की ठगी ( Black Currency Scam) का शिकार हुए थे। इसके बाद उन्होंने इसी तरीके को सीखकर अपना सिंडिकेट खड़ा कर लिया। क्लब, पार्टी, योगा सेंटर और वीआईपी आयोजनों में एजेंटों के जरिए हाईप्रोफाइल लोगों से संपर्क किया जाता था।
शुरुआत में छोटा निवेश करवाकर भरोसा जीता जाता और बाद में बड़ी रकम लेकर कागजों की गड्डी थमा दी जाती थी। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों और देशभर में की गई वारदातों की जानकारी जुटा रही है। पूछताछ में कई राज्यों में ठगी का नेटवर्क सामने आया है।



