Chhattisgarh

राहुल गांधी और रेवंत रेड्डी पर गिरिराज सिंह का निशाना, बोले- कांग्रेस को आत्ममंथन की जरूरत

रायपुर। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के बयानों पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को आत्मचिंतन और आत्ममंथन करने की जरूरत है, न कि ऐसे बयान देने की जिन पर जनता हंसे।

रेवंत रेड्डी द्वारा भाजपा की तुलना उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन से किए जाने पर गिरिराज सिंह ने कहा कि कांग्रेस नेताओं को ऐसे बयान देने से बचना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस चुनाव जीतती है तो उसे अपनी जीत बताती है, लेकिन हार मिलने पर चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाने लगती है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस को अपनी हार के कारणों पर विचार करना चाहिए और जनता के बीच भरोसा मजबूत करने पर ध्यान देना चाहिए।

इसके साथ ही गिरिराज सिंह ने कांग्रेस पर डॉ. भीमराव अंबेडकर के अपमान का आरोप लगाते हुए कहा कि स्वतंत्रता के बाद कांग्रेस ने अंबेडकर को राजनीतिक रूप से कमजोर करने की कोशिश की थी। उन्होंने कहा कि डॉ. अंबेडकर केवल संविधान निर्माता ही नहीं, बल्कि सामाजिक परिवर्तन के प्रतीक भी हैं और आज पूरे देश के लिए प्रेरणा स्रोत हैं।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा देशभर में अपना जनाधार लगातार बढ़ा रही है। उन्होंने दावा किया कि केंद्र सरकार की योजनाओं से करोड़ों लोगों को गरीबी से बाहर निकालने में मदद मिली है।

इस दौरान गिरिराज सिंह रायपुर में आयोजित ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान में शामिल हुए और वृक्षारोपण किया। उन्होंने लोगों से पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पेड़ लगाने की अपील की। कार्यक्रम में सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक पुरंदर मिश्रा समेत भाजपा के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button