National

राम मंदिर चंदा मामले में FIR के बाद चंपत राय का इस्तीफा, डिप्टी सीएम बोले- होगी निष्पक्ष जांच

अयोध्या के राम मंदिर चंदा मामले में एफआईआर दर्ज होने के बाद श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। ट्रस्ट के सदस्य अनिल मिश्रा ने भी नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए पद छोड़ दिया है।

इस मामले पर उत्तर प्रदेश के डिप्टी मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जांच कानून के अनुसार होगी और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

इस मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब तक 9 लोगों को नामजद किया गया है, जबकि कुछ अन्य अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने आरोपी राम शंकर यादव उर्फ टीनू यादव को गिरफ्तार कर लिया है और अन्य आरोपियों से भी पूछताछ की जा रही है।

एफआईआर के मुताबिक, मंदिर में श्रद्धालुओं के चढ़ावे की गिनती और प्रबंधन से जुड़े कुछ कर्मचारियों पर आपराधिक साजिश, गबन और दान की रकम में गड़बड़ी करने के आरोप लगाए गए हैं।

इस मामले की जांच अयोध्या के सर्कल ऑफिसर को सौंपी गई है। यह कार्रवाई समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक पवन पांडे के उस आरोप के बाद हुई, जिसमें उन्होंने राम मंदिर के चंदे में 7 से 7.5 करोड़ रुपये के गबन का दावा किया था। इसके बाद राज्य सरकार ने ट्रस्ट के अनुरोध पर मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया था।

Follow Us on Our Social Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button