7वें निर्मल पाण्डेय स्मृति फिल्म फेस्टिवल में प्रतिभा चौहान का जलवा, ‘काली तुलसी’ के लिए जीता बेस्ट एक्ट्रेस (रनर अप) का खिताब

उभरती अभिनेत्री प्रतिभा चौहान ने 7वें निर्मल पाण्डेय स्मृति फिल्म फेस्टिवल 2026 में अपनी शानदार अदाकारी से खास पहचान बनाई है। उन्हें शॉर्ट फिल्म ‘काली तुलसी’ में दमदार अभिनय के लिए ‘बेस्ट एक्ट्रेस शॉर्ट फिल्म (रनर अप)’ के पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
यह सम्मान प्रतिभा के लिए खास है, क्योंकि फिल्म की शूटिंग के दौरान वह स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से जूझ रही थीं। उन्होंने बताया कि शूटिंग के समय उनकी तबीयत काफी खराब थी और शरीर में बहुत अधिक सूजन थी, जो फिल्म के दृश्यों में भी नजर आती है। इसके बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और अपने काम के प्रति पूरी मेहनत और लगन के साथ जुटी रहीं।
प्रतिभा ने कहा कि आज जब उनकी इसी शॉर्ट फिल्म के लिए उन्हें बेस्ट एक्ट्रेस का पुरस्कार मिला है, तो उन्हें लगता है कि उस दौरान की गई उनकी सारी मेहनत सफल हो गई।
दिग्गज कलाकारों के साथ काम करने का मिला मौका
‘काली तुलसी’ का निर्देशन अरुण जॉनसन ने किया है, जबकि इसके निर्माता अविनाश शरण हैं। फिल्म में प्रतिभा चौहान के साथ योगेश अग्रवाल, धर्मेंद्र चौबे, सरला सेन, विक्रम सेंद्रे और शौर्य ज्योति जैसे अनुभवी कलाकार भी नजर आए।
इन कलाकारों के साथ काम करना प्रतिभा के लिए सीखने का शानदार अनुभव रहा। उन्होंने बताया कि फिल्म में उन्हें गंभीर और चुनौतीपूर्ण भूमिका निभाने का मौका मिला, जो उनके करियर में पहली बार था।
गंभीर किरदार से बनाई अलग पहचान
प्रतिभा चौहान ने बताया कि उन्होंने अपने करियर में पहली बार इस तरह का गंभीर किरदार निभाया है। किरदार की भावनाओं और उसकी गहराई को पर्दे पर उतारना उनके लिए चुनौतीपूर्ण था, लेकिन उन्होंने इसे पूरी शिद्दत से निभाया।
7वें निर्मल पाण्डेय स्मृति फिल्म फेस्टिवल में मिला यह सम्मान प्रतिभा के अभिनय सफर में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। ‘काली तुलसी’ में उनके प्रदर्शन ने न सिर्फ दर्शकों और समीक्षकों का ध्यान खींचा, बल्कि उन्हें इंडस्ट्री में अपनी अलग पहचान बनाने की दिशा में एक और मजबूत कदम भी दिया है।



