जंतर-मंतर प्रदर्शन में सिर फ्रैक्चर का दावा : दिल्ली पुलिस बोली- कड़े से लगी थी चोट; मेडिकल रिपोर्ट में नहीं मिला फ्रैक्चर

दिल्ली। जंतर-मंतर पर 23 जुलाई को कॉकरेच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन (Jantar Mantar protest ) के दौरान एक प्रदर्शनकारी के सिर में फ्रैक्चर होने के दावे को दिल्ली पुलिस ने बेबुनियाद बताया है। पुलिस के मुताबिक, प्रदर्शन के दौरान हुई हाथापाई में गाजियाबाद निवासी 38 वर्षीय संजय कुमार घायल हुए थे। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां मेडिकल जांच के बाद डॉक्टरों ने चोट को साधारण श्रेणी में रखा। पुलिस का कहना है कि मेडिकल-लीगल रिपोर्ट में सिर की हड्डी में फ्रैक्चर की कोई पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस के मुताबिक, संजय कुमार को चोट किसी हथियार से नहीं लगी थी। हाथापाई के दौरान किसी प्रदर्शनकारी के हाथ में पहने कड़े से उनके सिर पर चोट लगी थी। पुलिस ने सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से सामने आए सिर में क्रैक या फ्रैक्चर के दावों को तथ्यहीन बताया है।
RML अस्पताल में कराया गया था इलाज
घटना के तुरंत बाद घायल संजय कुमार को राम मनोहर लोहिया अस्पताल (Jantar Mantar protest ) ले जाया गया था। वहां चिकित्सकों ने उनकी जांच की। पुलिस का कहना है कि मेडिकल जांच और मेडिको-लीगल केस (MLC) रिपोर्ट में चोट को साधारण बताया गया। रिपोर्ट में सिर की हड्डी में फ्रैक्चर की पुष्टि नहीं हुई।
दिल्ली पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मामले में लगाए जा रहे गंभीर चोट के दावों की जांच मेडिकल दस्तावेजों के आधार पर की गई है। पुलिस के अनुसार, उपलब्ध मेडिकल रिकॉर्ड सिर में फ्रैक्चर की पुष्टि नहीं करता।
संजय के बयान पर FIR दर्ज
नई दिल्ली जिले के डीसीपी सचिन शर्मा के मुताबिक, संजय कुमार के बयान के आधार पर संसद मार्ग थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया था। घटना के बाद पुलिस ने मौके से संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया था।
जांच के दौरान सूरज कुमार और स्वतंत्र भारद्वाज को कानूनी प्रक्रिया के तहत नोटिस तामील कराया गया। दोनों से मामले को लेकर पूछताछ की गई। पुलिस का कहना है कि केस में जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी कर ली गई है और जल्द ही संबंधित अदालत में चार्जशीट दाखिल की जाएगी।
CJP नेताओं ने की सख्त कार्रवाई की मांग
CJP की ओर से इस मामले को लेकर लगातार कार्रवाई (Jantar Mantar protest ) की मांग की जा रही है। पार्टी नेताओं का आरोप है कि जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान नीशू नाम के छात्र के पिता संजय कुमार के साथ मारपीट की गई थी। पार्टी ने हमले में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
CJP प्रवक्ता सौरभ दास के मुताबिक, पार्टी के सदस्य शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे संसद मार्ग पुलिस स्टेशन पहुंचकर मामले में कार्रवाई की मांग करेंगे। पार्टी का कहना है कि प्रदर्शन के दौरान हुई घटना को गंभीरता से लिया जाना चाहिए और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई होनी चाहिए।
सोशल मीडिया इंटरव्यू से फिर गरमाया मामला
मामले ने उस समय फिर तूल पकड़ा, जब सोशल मीडिया पर साझा किए जा रहे एक इंटरव्यू में स्वतंत्र भारद्वाज नामक व्यक्ति के हमले में शामिल होने और संजय कुमार का सिर फोड़ने का कथित दावा सामने आया। CJP नेताओं ने इसी दावे के आधार पर पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
हालांकि, दिल्ली पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आए तथ्यों और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर सिर में फ्रैक्चर की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस ने मामले में किसी बाहरी प्रभाव या हस्तक्षेप के आरोपों को भी तथ्यहीन बताया है।
अब चार्जशीट का इंतजार
पुलिस के अनुसार, मामले की जांच लगभग पूरी हो चुकी है। संबंधित लोगों से पूछताछ और जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है। अब पुलिस जल्द ही अदालत में चार्जशीट दाखिल करने की तैयारी में है।
फिलहाल मामले में दो अलग-अलग दावे सामने हैं। CJP जहां संजय कुमार पर गंभीर हमला होने और सख्त कार्रवाई की मांग कर रही है, वहीं दिल्ली पुलिस मेडिकल रिपोर्ट का हवाला देते हुए सिर में फ्रैक्चर के दावे को गलत बता रही है। अब अदालत में दाखिल होने वाली चार्जशीट और जांच के दस्तावेजों से मामले की आगे की तस्वीर स्पष्ट होगी।



