Follow Us on Our Social Media
ChhattisgarhNational

सीएम विष्णुदेव साय ने दो दिवसीय वर्ल्ड लीडर्स फोरम में वैश्विक निवेशकों के सामने रखा छत्तीसगढ़ का रोडमैप, निवेश और रोजगार पर दिया जोर

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नई दिल्ली में आयोजित दो दिवसीय वर्ल्ड लीडर्स फोरम में वैश्विक निवेशकों और आर्थिक जगत की प्रमुख हस्तियों के सामने छत्तीसगढ़ की आर्थिक प्रगति, निवेश संभावनाओं और भविष्य की विकास योजनाओं का रोडमैप प्रस्तुत किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ अब पारंपरिक खनिज और औद्योगिक पहचान से आगे बढ़कर युवा शक्ति, नवाचार, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, स्टार्टअप, ग्रीन एनर्जी और आधुनिक विनिर्माण पर आधारित नई अर्थव्यवस्था की ओर बढ़ रहा है। सरकार का लक्ष्य निवेश को रोजगार, उद्यमिता और बेहतर आय से जोड़ना है।

6.31 लाख करोड़ की अर्थव्यवस्था

साय ने बताया कि वर्ष 2025-26 में छत्तीसगढ़ की अर्थव्यवस्था का आकार करीब 6.31 लाख करोड़ रुपये पहुंच गया है, जबकि आर्थिक विकास दर 11.57 प्रतिशत रही। प्रति व्यक्ति आय बढ़कर 1 लाख 79 हजार 244 रुपये हो गई है।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2026-27 के 1.72 लाख करोड़ रुपये के बजट में अधोसंरचना, पूंजीगत व्यय और सामाजिक कल्याण को प्राथमिकता दी गई है।

यह भी पढ़ें – भाजपा के सहयोग केंद्र में 55 से अधिक आवेदन, केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू ने कार्यकर्ताओं की सुनी समस्याएं

नई औद्योगिक नीति के बाद 8 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव

मुख्यमंत्री ने बताया कि नई औद्योगिक विकास नीति 2024-30 और सिंगल विंडो सिस्टम 2.0 जैसे सुधारों के बाद प्रदेश को 8 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिले हैं।

उन्होंने कहा कि अब स्टील, सीमेंट और खनिज आधारित उद्योगों के साथ सेमीकंडक्टर, इलेक्ट्रॉनिक्स, एआई, डेटा सेंटर, फार्मा, टेक्सटाइल, लॉजिस्टिक्स, ग्रीन एनर्जी और फूड प्रोसेसिंग जैसे क्षेत्रों में भी निवेश की संभावनाएं बढ़ रही हैं।

2030 तक 5 हजार स्टार्टअप का लक्ष्य

साय ने कहा कि सरकार का लक्ष्य वर्ष 2030 तक प्रदेश में 5 हजार स्टार्टअप विकसित करना है। नए उद्यमियों को अपने विचारों को व्यवसाय में बदलने के लिए 10 लाख रुपये तक की सीड फंड सहायता दी जा रही है।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के युवा केवल नौकरी तलाशने वाले नहीं, बल्कि रोजगार देने वाले उद्यमी बनें, इस दिशा में सरकार काम कर रही है।

6 लाख विद्यार्थियों को एआई प्रशिक्षण

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में 6 लाख विद्यार्थियों और 1.5 लाख सरकारी कर्मचारियों को एआई प्रशिक्षण देने की योजना है। नागरिक सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए 50 से अधिक एआई आधारित सरकारी सेवाएं विकसित की जाएंगी।

इसके अलावा 500 करोड़ रुपये के राज्य एआई मिशन के तहत 100 एआई डेटा लैब और 5 सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित किए जाएंगे। नवा रायपुर में करीब 1,000 करोड़ रुपये की लागत से एआई डेटा सेंटर पार्क भी विकसित किया जा रहा है।

बस्तर और ग्रीन एनर्जी पर भी फोकस

मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर को विकास, निवेश, पर्यटन और रोजगार के नए केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। उन्होंने जगदलपुर-रावघाट रेल परियोजना को बस्तर के आर्थिक विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया।

वहीं, ग्रीन एनर्जी के क्षेत्र में आने वाले वर्षों में करीब 4 हजार मेगावाट अतिरिक्त सौर ऊर्जा क्षमता विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ का अगला विकास चरण प्राकृतिक संसाधनों से आगे बढ़कर तकनीक, नवाचार, वैल्यू एडिशन और उद्यमिता पर आधारित होगा।

Follow Us on Our Social Media

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button