फ्लाईओवर से गिरी कंक्रीट, स्कूटी सवार समेत 6 घायल: निर्माण कार्य की सुरक्षा पर उठे सवाल

गोरखपुर। गोरखपुर के पादरी बाजार चौराहे पर निर्माणाधीन फ्लाईओवर (Flyover) से सोमवार देर रात कंक्रीट का हिस्सा अचानक नीचे गिर गया। हादसे में स्कूटी सवार तीन युवकों समेत करीब छह लोग घायल हो गए, जबकि सड़क से गुजर रहे दोपहिया और चारपहिया वाहनों को भी नुकसान पहुंचा। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई और काफी देर तक यातायात बाधित रहा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा रात करीब 12 बजे हुआ। फ्लाईओवर की छत की ढलाई के दौरान कंक्रीट और गिट्टी का हिस्सा अचानक नीचे आ गिरा। इसकी चपेट में पादरी बाजार निवासी निखिल यादव, मोहनापुर निवासी विनय गौतम, शुभांकर सहित छह लोग घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने निर्माण कार्य में लापरवाही (Flyover) का आरोप लगाया। राहगीरों का कहना है कि फ्लाईओवर निर्माण के दौरान सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए थे।
आरोप है कि हादसे के बाद जब लोगों ने निर्माण कार्य देख रहे आरएमसी फर्म के कर्मचारियों से शिकायत की तो वहां मौजूद मुंशी और मजदूरों ने उनके साथ बदसलूकी की, जिससे लोगों का गुस्सा बढ़ गया और उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया।
सूचना मिलने पर शाहपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर स्थिति को शांत कराया। पुलिस ने सड़क पर गिरे कंक्रीट और मलबे को हटवाकर यातायात बहाल कराया। हादसे के कारण पादरी बाजार चौराहे पर काफी देर तक लंबा जाम लगा रहा।
इस घटना के बाद निर्माणाधीन फ्लाईओवर (Flyover) की गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके। फिलहाल संबंधित विभाग पूरे मामले की जांच में जुटा है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

