Chhattisgarh

राहुल-खड़गे की हिरासत के विरोध में रायपुर में कांग्रेस का प्रदर्शन, लोकभवन घेराव की कोशिश

रायपुर। दिल्ली में प्रधानमंत्री आवास के पास कांग्रेस नेताओं को हिरासत में लिए जाने के विरोध में रायपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के हिरासत में लिए जाने की खबर के बाद बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए और लोकभवन घेराव का प्रयास किया।

दिल्ली में कांग्रेस सांसद और वरिष्ठ नेता NEET परीक्षा, पेपर लीक मामले पर संसद में चर्चा और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रधानमंत्री आवास के पास धरने पर बैठे थे। प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे, प्रियंका गांधी वाड्रा समेत कई नेताओं ने विरोध स्वरूप अपने हाथ नायलॉन की रस्सियों से बांध लिए। बाद में दिल्ली पुलिस ने राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे, डी.के. शिवकुमार, भूपेश बघेल सहित कई नेताओं को हिरासत में ले लिया।

हिरासत में लिए जाने के बाद भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया पर बताया कि पुलिस उन्हें अन्य नेताओं के साथ बस में बैठाकर एयरपोर्ट की ओर ले जा रही है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि दिल्ली पुलिस ने उनका एक जूता भी ले लिया।

दिल्ली की कार्रवाई के विरोध में रायपुर के अंबेडकर चौक पर कांग्रेस कार्यकर्ता एकत्र हुए और लोकभवन की ओर मार्च निकाला। प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और छात्रों पर दर्ज एफआईआर वापस लेने की मांग की।

लोकभवन की ओर बढ़ रहे प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने रास्ते में रोक दिया। इस दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की हुई। इसके बाद कार्यकर्ता सड़क पर ही धरने पर बैठ गए और विरोध प्रदर्शन जारी रखा।

इस बीच राहुल गांधी ने कहा कि यदि केंद्र सरकार संसद में NEET परीक्षा और उससे जुड़े मुद्दों पर चर्चा कराने तथा शिक्षा मंत्री के इस्तीफे पर आश्वासन देती है, तो कांग्रेस अपना धरना समाप्त करने को तैयार है।

Follow Us on Our Social Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button