महासमुंद में आरक्षक का रिश्वत लेते वीडियो वायरल, जांच के आदेश, पुलिस लाइन अटैच

महासमुंद। जिले में एक आरक्षक का कथित रूप से रिश्वत लेते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। वायरल वीडियो में आरक्षक को चालान की कॉपी देने के बदले पैसे लेते हुए देखा जा रहा है। हालांकि वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
जानकारी के अनुसार मामला सांकरा थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। वायरल वीडियो में आरक्षक अरुण प्रताप सिंह एक फोटो कॉपी दुकान में पैसे लेते नजर आ रहे हैं। आरोप है कि चालान की प्रति उपलब्ध कराने के नाम पर 2500 रुपये की मांग की गई और पूरी राशि वसूली गई।
गौरतलब है कि नियमानुसार चालान की प्रति संबंधित व्यक्ति को निशुल्क उपलब्ध कराई जाती है। ऐसे में वीडियो सामने आने के बाद पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं और सोशल मीडिया पर भी मामले को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रतिभा पांडेय ने तत्काल जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया वीडियो में दिखाई देने वाला आरक्षक सांकरा थाना में पदस्थ है। जांच को निष्पक्ष बनाए रखने के लिए संबंधित आरक्षक को तत्काल प्रभाव से पुलिस लाइन अटैच कर दिया गया है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने कहा कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने आएगी। यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित कर्मचारी के खिलाफ नियमानुसार विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

