Follow Us on Our Social Media
National

दिल्ली लक्ष्मी योजना की शुरुआत, पात्र महिलाओं को हर महीने मिलेंगे ₹2,500; पहले चरण में 4 हजार स्वीकृति पत्र वितरित

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के महिला सशक्तिकरण और महिला नेतृत्व वाले विकास के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने तालकटोरा स्टेडियम में दिल्ली लक्ष्मी योजना का शुभारंभ किया। इस दौरान दिल्ली के उपराज्यपाल तरणजीत सिंह संधू और दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

महिलाओं को हर महीने मिलेगी 2,500 रुपये की सहायता

योजना के तहत पात्र महिलाओं के बैंक खातों में हर महीने 2,500 रुपये की आर्थिक सहायता सीधे भेजी जाएगी। इससे महिलाओं को रोजमर्रा की जरूरतों, शिक्षा और अन्य आवश्यक खर्चों में मदद मिलेगी। सरकार का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत और आत्मनिर्भर बनाना है।

यह भी पढ़ें-मालनपुर में गोदरेज की चौथी यूनिट शुरू, 450 करोड़ से ज्यादा का निवेश; बना एशिया का सबसे बड़ा साबुन कारखाना

योजना के शुभारंभ के मौके पर पहले चरण में 4,000 पात्र महिलाओं को स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि योजना को लेकर महिलाओं में काफी उत्साह है और अब तक 9 लाख से अधिक महिलाओं ने पंजीकरण कराया है।

सम्मान और आत्मनिर्भरता पर जोर

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में महिलाओं के सम्मान, सशक्तिकरण और उज्ज्वल भविष्य के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। उन्होंने कहा कि दिल्ली लक्ष्मी योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

उन्होंने कहा कि योजना का उद्देश्य महिलाओं के सम्मान, आत्मनिर्भरता और आर्थिक सशक्तिकरण को मजबूत करना है। सरकार महिलाओं के लिए अधिक अवसर और जरूरी सहयोग सुनिश्चित करने की दिशा में लगातार काम कर रही है।

कई मंत्री और सांसद रहे मौजूद

कार्यक्रम में दिल्ली सरकार के मंत्री कपिल मिश्रा, मनजिंदर सिंह सिरसा, आशीष सूद, प्रवेश साहिब सिंह वर्मा और पंकज कुमार सिंह मौजूद रहे। इसके अलावा लोकसभा सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी, मनोज तिवारी, योगेंद्र चंदोलिया, कमलजीत सहरावत, बांसुरी स्वराज और प्रवीण खंडेलवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

सरकार के मुताबिक, दिल्ली लक्ष्मी योजना के जरिए महिलाओं को नियमित आर्थिक सहायता उपलब्ध कराकर उन्हें अपने परिवार और व्यक्तिगत जरूरतों को पूरा करने में अधिक सक्षम बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

Follow Us on Our Social Media

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button