चीन में 11 प्रांतों और क्षेत्रों में ड्रोन शो रद्द, एयरस्पेस पर बढ़ी सख्ती; सुरक्षा नियम हुए कड़े

चीन में कई पर्यटन स्थलों और कार्यक्रमों में होने वाले ड्रोन शो अचानक रद्द कर दिए गए हैं। देश में ड्रोन और छोटी उड़ानों पर निगरानी बढ़ाए जाने के बीच पिछले सप्ताह 11 प्रांतों और क्षेत्रों में ड्रोन शो रद्द करने की जानकारी सामने आई। इनमें इनर मंगोलिया, गांसू, शानदोंग, गुआंगदोंग और हैनान शामिल हैं। सोमवार तक किसी भी स्थान पर शो दोबारा शुरू करने की घोषणा नहीं की गई थी।
ज्यादातर जगहों पर ड्रोन शो रद्द करने की वजह एयरस्पेस कंट्रोल यानी हवाई क्षेत्र पर बढ़ा नियंत्रण बताया गया है। हालांकि, जारी किए गए नोटिस में यह स्पष्ट नहीं किया गया कि नए नियम क्या हैं और ये कितने समय तक लागू रहेंगे।
गांसू के दुनहुआंग स्थित एक पर्यटन स्थल ने बताया कि एयरस्पेस कंट्रोल के कारण ड्रोन शो अस्थायी रूप से रद्द किया गया है। वहीं, इनर मंगोलिया के सोनिड लेफ्ट बैनर के पर्यटन अधिकारियों ने कहा कि 8 अगस्त को होने वाला ड्रोन शो एयरस्पेस और उड़ान मार्ग से जुड़े नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए रद्द किया गया।
टाइफून डॉल्फिन के कारण भी कुछ शो रद्द
हालांकि, सभी जगहों पर ड्रोन शो रद्द होने की वजह एयरस्पेस नियंत्रण नहीं थी। गुइझोउ और झेजियांग में कुछ शो खराब मौसम के कारण रद्द किए गए। अधिकारियों ने इसकी वजह टाइफून डॉल्फिन को बताया। यह तूफान रविवार को चीन के दक्षिण-पूर्वी तट से टकराया, जिसके बाद भारी बारिश हुई।
इस बीच इंटरनेट पर एक कथित सरकारी दस्तावेज भी सामने आया है। इसमें दावा किया गया कि चीन की सेना यानी पीएलए की सदर्न थिएटर कमांड ने अपने अधिकार क्षेत्र के छह प्रांतों में शुक्रवार से ड्रोन उड़ानों पर रोक लगाने का आदेश दिया है। हालांकि, इस दस्तावेज की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
ड्रोन पर चीन क्यों बढ़ा रहा सख्ती?
चीन में ड्रोन का इस्तेमाल तेजी से बढ़ रहा है। सरकार लो-एल्टीट्यूड इकोनॉमी को भविष्य के महत्वपूर्ण क्षेत्रों में शामिल करती है। इसके तहत जमीन से करीब 1 किलोमीटर यानी 3,280 फीट तक की ऊंचाई पर ड्रोन और अन्य गतिविधियां आती हैं।
चीन में ड्रोन का इस्तेमाल खेती, सामान पहुंचाने, फैक्ट्रियों की निगरानी, कीटनाशक छिड़काव, हवाई तस्वीरें लेने और लाइट शो के लिए बड़े पैमाने पर किया जाता है।
बीजिंग हादसे के बाद बढ़ी सुरक्षा चिंता
जून में बीजिंग में हुए एक विमान हादसे के बाद हवाई सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई थी। दो सीटों वाला एक स्पोर्ट्स विमान बीजिंग की सबसे ऊंची इमारतों में शामिल सीआईटीआईसी टावर से टकरा गया था। हादसे में पायलट की मौत हो गई थी, जबकि 13 लोग घायल हुए थे।
इसके बाद अधिकारियों ने सामान्य विमानन से जुड़े संस्थानों को सुरक्षा जांच और सुधार के लिए उड़ान प्रशिक्षण रोकने का निर्देश दिया। सोमवार तक कुछ संस्थानों में प्रशिक्षण दोबारा शुरू नहीं हुआ था।
इसके अलावा, मई से बीजिंग में ड्रोन और उनके जरूरी हिस्सों की बिक्री, किराये पर देने या राजधानी में लाने-ले जाने के लिए सार्वजनिक सुरक्षा विभाग की मंजूरी जरूरी कर दी गई है।



