छत्तीसगढ़ पर्यटन के नाम पर फर्जी बुकिंग से सावधान, पर्यटन बोर्ड ने जारी की एडवाइजरी

रायपुर। छत्तीसगढ़ के पर्यटन स्थलों और पर्यटन सुविधाओं की बुकिंग के नाम पर हो रहे फर्जीवाड़े को लेकर छत्तीसगढ़ पर्यटन बोर्ड ने पर्यटकों को सतर्क किया है। बोर्ड को ऐसी अनधिकृत वेबसाइटों और ऑनलाइन माध्यमों की जानकारी मिली है, जो छत्तीसगढ़ पर्यटन के नाम पर बुकिंग की सुविधा देने का दावा कर रहे हैं। इनके जरिए पर्यटकों से ऑनलाइन भुगतान कराकर ठगी की आशंका जताई गई है।
केवल आधिकारिक वेबसाइट से करें बुकिंग
पर्यटन बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि पर्यटन स्थलों, आवासीय सुविधाओं और अन्य पर्यटन सेवाओं की बुकिंग के लिए पर्यटक केवल tourism.cgstate.gov.in का ही इस्तेमाल करें। किसी अनजान वेबसाइट, संदिग्ध बुकिंग लिंक, मोबाइल नंबर, विज्ञापन या सोशल मीडिया पेज के जरिए बुकिंग करने से बचें।
फर्जी वेबसाइटों से रहें सावधान
बोर्ड के मुताबिक साइबर ठग छत्तीसगढ़ पर्यटन के नाम, लोगो, पर्यटन स्थलों की तस्वीरों और प्रचार सामग्री का इस्तेमाल कर लोगों को गुमराह कर सकते हैं। कम कीमत में होटल या पर्यटन आवास की बुकिंग, आकर्षक टूर पैकेज और तुरंत भुगतान करने का दबाव बनाकर लोगों से पैसे लिए जा सकते हैं।
इसलिए किसी भी तरह का भुगतान करने से पहले वेबसाइट और बुकिंग प्रक्रिया की प्रामाणिकता जरूर जांचें।
निजी खाते में पैसे भेजने से बचें
पर्यटन बोर्ड ने कहा है कि बुकिंग के लिए केवल अधिकृत प्रक्रिया का ही पालन किया जाए। किसी व्यक्ति के निजी बैंक खाते, संदिग्ध भुगतान माध्यम या अनजान मोबाइल नंबर पर पैसे भेजने से बचें। खासकर बहुत कम कीमत में बुकिंग या तत्काल भुगतान का ऑफर मिलने पर अतिरिक्त सावधानी बरतें।
सूचना केंद्रों से भी मिल सकती है मदद
पर्यटक छत्तीसगढ़ पर्यटन की आधिकारिक वेबसाइट के अलावा गढ़ कलेवा, रायपुर स्थित सूचना केंद्र और प्रदेश के विभिन्न जिलों में मौजूद पर्यटन सूचना केंद्रों से भी जानकारी ले सकते हैं। इन केंद्रों के माध्यम से उपलब्धता के आधार पर पर्यटन आवासों की बुकिंग में भी सहायता मिल सकती है।
संदेह होने पर हेल्पलाइन पर करें पुष्टि
किसी वेबसाइट, बुकिंग लिंक, मोबाइल नंबर या सोशल मीडिया पेज की प्रामाणिकता को लेकर संदेह होने पर भुगतान करने से पहले पर्यटन बोर्ड की हेल्पलाइन से जानकारी लेने की सलाह दी गई है।
छत्तीसगढ़ पर्यटन हेल्पलाइन:
+91-7714224600
18001026415
पर्यटन बोर्ड ने अपील की है कि यात्रा की योजना बनाते समय पर्यटक केवल अधिकृत और विश्वसनीय स्रोतों से ही जानकारी लें। फर्जी वेबसाइटों और संदिग्ध बुकिंग ऑफर से सावधान रहकर पर्यटक अपनी यात्रा को सुरक्षित और परेशानी मुक्त बना सकते हैं।



