IGKV पेपर लीक के बाद बड़ा फैसला, दो परीक्षाएं रद्द; सितंबर में फिर होगा एग्जाम

रायपुर। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय (IGKV) में पेपर लीक मामले के बाद परीक्षा व्यवस्था में बड़े बदलाव किए जा रहे हैं। परीक्षाओं की गोपनीयता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए रविवार को कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल की अध्यक्षता में आपातकालीन बैठक हुई। बैठक में परीक्षा प्रणाली को और सुरक्षित बनाने को लेकर कई अहम फैसले लिए गए।
दो परीक्षाएं निरस्त, सितंबर में दोबारा होगी परीक्षा
रायपुर पुलिस की जांच में सामने आया कि 20 अगस्त को बीएससी कृषि द्वितीय वर्ष के एंटोमोलॉजी विषय का प्रश्न पत्र लीक हुआ था। इसके साथ ही 7 अगस्त को बीएससी कृषि प्रथम वर्ष के प्लांट पैथोलॉजी विषय का पेपर भी लीक होने की जानकारी सामने आई।
इसके बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने दोनों परीक्षाओं को निरस्त करने का फैसला लिया है। छात्रों के हित को ध्यान में रखते हुए इन दोनों विषयों की परीक्षाएं सितंबर के पहले सप्ताह में दोबारा आयोजित की जाएंगी। परीक्षा की नई तारीख जल्द जारी की जाएगी।
दुर्ग कृषि महाविद्यालय को नोटिस
पेपर की गोपनीयता बनाए रखने में लापरवाही के मामले में भारतीय कृषि महाविद्यालय, दुर्ग को नोटिस जारी किया गया है। विश्वविद्यालय ने मामले में नियमानुसार कार्रवाई करने का फैसला लिया है।
वहीं, 20 अगस्त के पेपर लीक मामले में रायपुर पुलिस की हिरासत में लिए गए दोषी पाए जाने वाले छात्रों के खिलाफ भी कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
ऑब्जर्वरों से भी मांगा जाएगा जवाब
विश्वविद्यालय प्रशासन ने दुर्ग कृषि महाविद्यालय में नियुक्त ऑब्जर्वरों को भी कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्णय लिया है। उनसे परीक्षा की गोपनीयता और सुरक्षा व्यवस्था में हुई चूक को लेकर जवाब मांगा जाएगा।
विश्वविद्यालय ने साफ किया है कि परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।
अब पासवर्ड प्रोटेक्टेड ईमेल से भेजे जा रहे पेपर
पेपर लीक की घटना के बाद IGKV ने प्रश्न पत्र भेजने की प्रक्रिया में भी बदलाव किया है। अब प्रश्न पत्रों को हार्ड कॉपी के जरिए भेजने के बजाय पासवर्ड प्रोटेक्टेड ईमेल के माध्यम से संबंधित महाविद्यालयों को भेजा जा रहा है।
यह भी पढ़ें – छत्तीसगढ़ पर्यटन के नाम पर फर्जी बुकिंग से सावधान, पर्यटन बोर्ड ने जारी की एडवाइजरी
22 अगस्त की परीक्षा में इस नई व्यवस्था का इस्तेमाल किया गया। सुबह 10 बजे शुरू होने वाली परीक्षा का प्रश्न पत्र संबंधित कॉलेजों को सुबह 9:30 बजे उपलब्ध कराया गया। 24 अगस्त को होने वाली परीक्षाएं भी इसी सुरक्षित प्रक्रिया के तहत आयोजित की जाएंगी।
परीक्षा हॉल में बढ़ेंगे CCTV कैमरे
परीक्षा व्यवस्था पर निगरानी बढ़ाने के लिए विश्वविद्यालय और महाविद्यालयों के परीक्षा हॉल में CCTV कैमरों की संख्या बढ़ाई जाएगी। इसके साथ ही भविष्य में परीक्षा प्रणाली को और सुरक्षित बनाने के लिए आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल करने पर भी विचार किया जा रहा है।
विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि छात्रों का भविष्य और उनका भरोसा सबसे महत्वपूर्ण है। पेपर लीक जैसी घटनाओं को रोकने के लिए परीक्षा प्रणाली में गोपनीयता, निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के हर संभव प्रयास किए जाएंगे।



