‘हनुमान अंश’ ने बॉक्स ऑफिस पर मचाई धूम, 24वें दिन सबसे बड़ी कमाई; 50 करोड़ के करीब पहुंची फिल्म

फिल्म ‘हनुमान अंश’ बॉक्स ऑफिस पर लगातार मजबूत प्रदर्शन कर रही है। रिलीज के 24वें दिन फिल्म ने अब तक का सबसे ज्यादा कारोबार किया है। रविवार को फिल्म ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 12.75 करोड़ रुपये की कमाई की। इसके साथ ही फिल्म का ग्रॉस कलेक्शन 47.33 करोड़ रुपये और नेट कलेक्शन 40.13 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।
24वें दिन मिला सबसे बड़ा उछाल
फिल्म ने शनिवार को 9.25 करोड़ रुपये का कारोबार किया था, जबकि रविवार को इसकी कमाई बढ़कर 12.75 करोड़ रुपये हो गई। रविवार को फिल्म की ऑक्यूपेंसी करीब 55 फीसदी रही। इस दौरान फिल्म के कुल 5363 शो हुए। रिलीज के बाद यह अब तक का फिल्म का सबसे बड़ा एक दिन का कलेक्शन है।
50 करोड़ के क्लब में पहुंचने की तैयारी
‘हनुमान अंश’ का बजट करीब 1.8 से 2 करोड़ रुपये बताया जा रहा है। कम बजट में बनी इस फिल्म ने अब तक अपनी लागत से कई गुना ज्यादा कमाई कर ली है। मौजूदा रफ्तार को देखते हुए फिल्म जल्द ही 50 करोड़ रुपये के ग्रॉस कलेक्शन का आंकड़ा पार कर सकती है।
भक्ति और आस्था की कहानी को मिला दर्शकों का साथ
फिल्म संत नीम करौली बाबा की जिंदगी से प्रेरित कहानी पर आधारित है। इसमें भगवान के प्रति एक भक्त की अटूट आस्था, निस्वार्थ सेवा और सादगी को केंद्र में रखा गया है। फिल्म को दर्शकों से मिल रही सकारात्मक प्रतिक्रिया का असर इसके बॉक्स ऑफिस कलेक्शन पर भी दिखाई दे रहा है। रविवार को मिली बड़ी कमाई ने फिल्म की आगे की कमाई की उम्मीदों को और मजबूत कर दिया है।



