‘हनुमान अंश’ की कमाई ने चौंकाया, यश की ‘टॉक्सिक’ बॉक्स ऑफिस पर पड़ी धीमी; जानें दोनों फिल्मों का हाल

‘हनुमान अंश’ और यश की ‘टॉक्सिक’ इन दिनों सिनेमाघरों में दर्शकों का ध्यान खींच रही हैं। जहां ‘टॉक्सिक’ ने रिलीज के पहले दिन 100 करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार किया था, वहीं इसके बाद फिल्म की कमाई में लगातार गिरावट देखने को मिली। दूसरी ओर कम बजट में बनी ‘हनुमान अंश’ ने उम्मीद से बेहतर प्रदर्शन करते हुए बॉक्स ऑफिस पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली है।
‘हनुमान अंश’ ने 27वें दिन भी किया अच्छा कारोबार
नीम करौली बाबा की जिंदगी पर आधारित ‘हनुमान अंश’ ने 27वें दिन 7.25 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। इस दिन फिल्म के कुल 7,037 शो रहे और ऑक्यूपेंसी करीब 29 फीसदी रही। इसके साथ ही फिल्म का भारतीय बॉक्स ऑफिस कलेक्शन 61.38 करोड़ रुपये पहुंच गया है।
हालांकि, एक दिन पहले फिल्म ने 8.50 करोड़ रुपये कमाए थे, जिसके मुकाबले 27वें दिन कमाई में करीब 14.7 फीसदी की गिरावट आई। फिल्म का ग्रॉस कलेक्शन अब 72.32 करोड़ रुपये हो चुका है।
100 करोड़ के आंकड़े से करीब 28 करोड़ दूर
‘हनुमान अंश’ को 100 करोड़ रुपये के ग्रॉस कलेक्शन तक पहुंचने के लिए करीब 28 करोड़ रुपये और कमाने होंगे। फिल्म की कमाई में तेजी पिछले कुछ दिनों में देखने को मिली है। 17वें दिन फिल्म ने पहली बार 2.20 करोड़ रुपये का कारोबार किया था, जिसके बाद इसकी कमाई लगातार करोड़ों में बनी हुई है। दर्शकों की सकारात्मक प्रतिक्रिया और मजबूत वर्ड ऑफ माउथ से फिल्म को खास फायदा मिला है।
‘टॉक्सिक’ की कमाई में लगातार गिरावट
यश की ‘टॉक्सिक’ ने आठवें दिन यानी बुधवार को करीब 5.10 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। इस दिन फिल्म के 12,432 शो रहे और ऑक्यूपेंसी 14.2 फीसदी दर्ज की गई।
फिल्म ने हिंदी भाषा से सबसे ज्यादा 3.15 करोड़ रुपये कमाए। इसके अलावा कन्नड़ से 1.35 करोड़, तेलुगु से 40 लाख, तमिल से 17 लाख और मलयालम से करीब 3 लाख रुपये का कारोबार हुआ।
‘टॉक्सिक’ का भारतीय बॉक्स ऑफिस कलेक्शन अब 237.70 करोड़ रुपये हो चुका है। फिल्म का ग्रॉस कलेक्शन 280.25 करोड़ रुपये है, जबकि ओवरसीज मार्केट से करीब 41.75 करोड़ रुपये की कमाई हुई है। फिल्म का वर्ल्डवाइड कलेक्शन 322 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।



