पाकिस्तान को हराने वाले अभिनंदन वर्धमान की नई उड़ान, वायुसेना के बाद अब प्राइवेट एयरलाइन में बने पायलट

भारतीय वायुसेना के पूर्व ग्रुप कैप्टन और वीर चक्र विजेता अभिनंदन वर्धमान ने अपने करियर की नई शुरुआत की है। 2019 में पाकिस्तान के F-16 लड़ाकू विमान को मार गिराने के बाद सुर्खियों में आए अभिनंदन अब गोवा की क्षेत्रीय एयरलाइन फ्लाई91 से पायलट के तौर पर जुड़ गए हैं। सूत्रों के मुताबिक, उन्होंने अगस्त में एयरलाइन में ज्वाइन किया था।
2019 की हवाई लड़ाई के बाद बने थे चर्चा में
अभिनंदन वर्धमान 27 फरवरी 2019 को नियंत्रण रेखा के ऊपर हुई हवाई लड़ाई के दौरान एक पाकिस्तानी F-16 को मार गिराने के बाद देशभर में चर्चा में आए थे। उस समय वह भारतीय वायुसेना में विंग कमांडर के पद पर तैनात थे।
यह हवाई संघर्ष बालाकोट में आतंकी ठिकानों पर भारतीय वायुसेना की कार्रवाई के एक दिन बाद हुआ था। F-16 को निशाना बनाने के कुछ ही समय बाद उनके MiG-21 बाइसन विमान पर भी मिसाइल से हमला हुआ, जिसके बाद उन्हें विमान से इजेक्ट करना पड़ा।
करीब 60 घंटे पाकिस्तान की हिरासत में रहे
विमान से बाहर निकलने के बाद अभिनंदन को पाकिस्तान में पकड़ लिया गया था। उन्हें करीब 60 घंटे तक हिरासत में रखा गया और 1 मार्च 2019 को भारत वापस भेज दिया गया। उनकी बहादुरी के लिए वर्ष 2021 में उन्हें वीर चक्र से सम्मानित किया गया। यह युद्धकाल में दिया जाने वाला भारत का तीसरा सबसे बड़ा वीरता पुरस्कार है।
वायुसेना से प्राइवेट एयरलाइन तक का सफर
अभिनंदन ने 31 मार्च को भारतीय वायुसेना से सेवानिवृत्ति ली और इसके बाद क्षेत्रीय एयरलाइन फ्लाई91 से जुड़ गए। एयरलाइन की ओर से उनकी नियुक्ति को लेकर फिलहाल आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है।
फ्लाई91 ने मार्च 2024 में अपनी उड़ान सेवाएं शुरू की थीं। एयरलाइन के पास फिलहाल छह एटीआर 72-600 विमान हैं और इसके प्रमुख केंद्र गोवा तथा हैदराबाद में हैं। अभिनंदन की नई भूमिका को लेकर अतिरिक्त जानकारी अभी सामने नहीं आई है।



