‘मिर्जापुर: द मूवी’ की रिलीज से पहले भौकाल, एडवांस बुकिंग में 6 करोड़ पार

‘मिर्जापुर: द मूवी’ की रिलीज से पहले ही बॉक्स ऑफिस पर हलचल तेज हो गई है। गुड्डू पंडित, मुन्ना भैया और कालीन भैया की वापसी को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। 4 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली इस फिल्म की एडवांस बुकिंग में अब तक 6.03 करोड़ रुपये का कारोबार होने की जानकारी सामने आई है।
1.34 लाख से ज्यादा टिकट बिके
एडवांस बुकिंग के आंकड़ों के मुताबिक, फिल्म के 7,408 शो के लिए अब तक 1,34,370 टिकट बिक चुके हैं। ब्लॉक सीटों को शामिल करने पर कमाई 6 करोड़ रुपये से अधिक बताई गई है, जबकि ब्लॉक सीटों को हटाकर फिल्म की एडवांस कमाई करीब 3.8 करोड़ रुपये है।
दिल्ली-एनसीआर से सबसे ज्यादा कमाई
एडवांस बुकिंग में दिल्ली-एनसीआर फिल्म के लिए सबसे बड़ा बाजार बनकर सामने आया है। यहां से फिल्म ने करीब 1.18 करोड़ रुपये का कारोबार किया है। मुंबई से लगभग 50 लाख रुपये, पुणे से 26 लाख रुपये और बेंगलुरु से करीब 21 लाख रुपये की कमाई हुई है। इन आंकड़ों से संकेत मिल रहा है कि फिल्म को रिलीज के पहले ही दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है।
250 करोड़ रुपये के बजट में बनी है फिल्म
‘मिर्जापुर: द मूवी’ का अनुमानित बजट करीब 250 करोड़ रुपये बताया जा रहा है। फिल्म में पुराने चर्चित किरदारों के साथ कुछ नए चेहरे भी नजर आएंगे। अभिनेता रवि किशन की मौजूदगी को लेकर भी दर्शकों में उत्सुकता है। वहीं, फिल्म में पंकज त्रिपाठी की भूमिका को लेकर भी काफी चर्चा है।
वेब सीरीज के बाद अब बड़े पर्दे पर कहानी
‘मिर्जापुर’ की कहानी और इसके किरदारों को दर्शकों से पहले ही काफी लोकप्रियता मिल चुकी है। सीरीज का पहला सीजन नवंबर 2018 में, दूसरा सीजन अक्टूबर 2020 में और तीसरा सीजन जुलाई 2024 में रिलीज हुआ था। अब इसी फ्रेंचाइजी की कहानी बड़े पर्दे पर आगे बढ़ने जा रही है।
फिल्म की एडवांस बुकिंग को देखते हुए रिलीज के पहले दिन अच्छी शुरुआत की उम्मीद की जा रही है। अब देखने वाली बात होगी कि सिनेमाघरों में पहुंचने के बाद ‘मिर्जापुर: द मूवी’ दर्शकों की उम्मीदों पर कितनी खरी उतरती है और बॉक्स ऑफिस पर कितना बड़ा कारोबार करती है।



