‘रामायण’ में यश के रावण लुक के कायल हुए हनी सिंह, बोले- रणबीर से भी ज्यादा अच्छे लगे

नमित मल्होत्रा की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण’ को लेकर दर्शकों के बीच उत्सुकता लगातार बढ़ रही है। फिल्म में यश रावण की भूमिका निभा रहे हैं, जबकि रणबीर कपूर भगवान श्रीराम के किरदार में नजर आएंगे। फिल्म का टीजर सामने आने के बाद यश के लुक और उनके किरदार की काफी चर्चा हो रही है। अब रैपर और सिंगर हनी सिंह ने भी यश के रावण लुक की जमकर तारीफ की है।
हनी सिंह ने यश को बताया शानदार
हनी सिंह ने ‘रामायण’ का टीजर देखने के बाद यश के लुक पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि यश रावण के किरदार में बेहद शानदार लग रहे हैं। हनी सिंह ने यहां तक कहा कि उन्हें यश, रणबीर कपूर से भी ज्यादा अच्छे लगे। उन्होंने यश को ‘इनक्रेडिबल’ बताते हुए उनकी जमकर तारीफ की।
हनी सिंह ने यह भी स्पष्ट किया कि वह भगवान श्रीराम के भक्त हैं और रावण के किरदार से उनका कोई जुड़ाव नहीं है। इसके बावजूद यश के लुक और स्क्रीन प्रेजेंस ने उन्हें प्रभावित किया है।
फिल्म की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करने की उम्मीद
हनी सिंह ने ‘रामायण’ को लेकर अपनी उम्मीद भी जाहिर की। उन्होंने कहा कि फिल्म अच्छी बने और किसी की धार्मिक भावनाओं को ठेस न पहुंचे। उनका कहना है कि जिस तरह लोग बचपन से रामायण और रामलीला देखते आए हैं, फिल्म में भी उसी भावना और पवित्रता को बनाए रखा जाना चाहिए।
उन्होंने फिल्म में धार्मिक कथा के साथ किसी तरह की छेड़छाड़ न करने की उम्मीद जताई। हनी सिंह की इस प्रतिक्रिया के बाद यश के रावण किरदार को लेकर चर्चा और तेज हो गई है।
फिल्म में यश ने रावण की भूमिका निभाने के फैसले को लेकर पहले भी अपनी सोच साझा की थी। उन्होंने कहा था कि भगवान राम की अच्छाई को प्रभावी ढंग से दिखाने के लिए रावण की बुराई को भी मजबूती से दिखाना जरूरी है। इसी वजह से उन्होंने रावण के किरदार को चुना।



