लॉर्ड्स में इंग्लैंड-ऑस्ट्रेलिया के बीच महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 का महामुकाबला, जानिए फाइनल की 10 बड़ी बातें

क्रिकेट की सबसे पुरानी और रोमांचक प्रतिद्वंद्विता अब महिला क्रिकेट के सबसे बड़े मंच पर देखने को मिलेगी। रविवार, 5 जुलाई को लंदन के ऐतिहासिक लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड में आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल खेला जाएगा, जहां मेजबान इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया खिताब के लिए आमने-सामने होंगे।
इस मुकाबले की सबसे खास बात यह है कि दोनों टीमों ने पूरे टूर्नामेंट में एक भी मैच नहीं गंवाया है और अजेय रहते हुए फाइनल तक का सफर तय किया है। यह महिला टी20 वर्ल्ड कप का 10वां फाइनल होगा।
फाइनल से जुड़ी 10 बड़ी बातें
1. हेड-टू-हेड रिकॉर्ड
टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में दोनों टीमों के बीच यह 46वां मुकाबला होगा। अब तक खेले गए 45 मैचों में ऑस्ट्रेलिया ने 23 और इंग्लैंड ने 21 मुकाबले जीते हैं, जबकि एक मैच बेनतीजा रहा।
2. घरेलू मैदान पर इंग्लैंड का दबदबा
इंग्लैंड ने 2009 से लेकर मौजूदा 2026 संस्करण तक अपने घर में महिला टी20 वर्ल्ड कप के 11 मैच खेले हैं और सभी में जीत दर्ज की है।
3. सबसे ज्यादा फाइनल खेलने वाली टीमें
ऑस्ट्रेलिया महिला टी20 वर्ल्ड कप का आठवां फाइनल खेलेगा, जबकि इंग्लैंड पांचवीं बार खिताबी मुकाबले में उतरेगा।
4. क्या मेजबान फिर बनेगा चैंपियन?
इतिहास बताता है कि इंग्लैंड ने अपने देश में आयोजित हर महिला विश्व कप (वनडे और टी20) में खिताब जीता है। ऐसे में मेजबान टीम के पास इतिहास दोहराने का मौका होगा।
5. इतिहास रचने का मौका
अगर ऑस्ट्रेलिया जीतता है तो वह सातवीं बार महिला टी20 वर्ल्ड कप चैंपियन बनेगा। वहीं, इंग्लैंड की जीत उसे 2009 के बाद पहला टी20 विश्व कप खिताब दिलाएगी।
6. फाइनल में ऑस्ट्रेलिया का दबदबा
महिला टी20 वर्ल्ड कप में दोनों टीमों के बीच अब तक सात मुकाबले हुए हैं, जिनमें ऑस्ट्रेलिया ने पांच और इंग्लैंड ने दो मैच जीते हैं। खास बात यह है कि फाइनल में दोनों टीमें तीन बार भिड़ी हैं और हर बार ऑस्ट्रेलिया विजेता बना है।
7. चैंपियन टीम को मिलेगी बड़ी पुरस्कार राशि
टूर्नामेंट जीतने वाली टीम को ट्रॉफी के साथ 2.34 मिलियन डॉलर (22 करोड़ रुपये से अधिक) की पुरस्कार राशि मिलेगी।
8. रनर-अप भी नहीं लौटेगा खाली हाथ
फाइनल हारने वाली टीम को 1.17 मिलियन डॉलर (करीब 11 करोड़ रुपये) की पुरस्कार राशि दी जाएगी।
9. दोनों टीमों का अजेय अभियान
ऑस्ट्रेलिया ने ग्रुप चरण में दक्षिण अफ्रीका, बांग्लादेश, नीदरलैंड्स, पाकिस्तान और भारत को हराने के बाद सेमीफाइनल में वेस्टइंडीज को मात दी। वहीं, इंग्लैंड ने श्रीलंका, आयरलैंड, स्कॉटलैंड, वेस्टइंडीज और न्यूजीलैंड को हराया और सेमीफाइनल में दक्षिण अफ्रीका को शिकस्त दी।
10. मैच का समय
लॉर्ड्स में खेला जाने वाला यह फाइनल मुकाबला भारतीय समयानुसार रात 8:00 बजे शुरू होगा, जबकि टॉस शाम 7:30 बजे होगा।

