International

गाजा में इजराइल का बढ़ता नियंत्रण, नेतन्याहू ने 70% क्षेत्र पर कब्जे का लक्ष्य तय किया

दिल्ली। इजराइल और हमास के बीच जारी संघर्ष के बीच इजराइल अब गाजा पट्टी में अपना सैन्य नियंत्रण और बढ़ाने की तैयारी में है। इजराइ ली पीएम बेंजामिन नेतन्याहू ने सेना को गाजा पट्टी के 70 प्रतिशत हिस्से पर नियंत्रण स्थापित करने का आदेश दिया है। इससे पहले इजराइल करीब 50 फीसदी क्षेत्र पर नियंत्रण होने का दावा कर चुका था, जो अब बढ़कर लगभग 60 फीसदी बताया जा रहा है।

वेस्ट बैंक में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान पीएम बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि इजरायली सेना धीरे-धीरे गाजा में अपना दायरा बढ़ा रही है और हमास के खिलाफ सैन्य अभियान जारी रहेगा। उन्होंने संकेत दिए कि आने वाले समय में गाजा के और बड़े हिस्से पर इजरायली सेना का नियंत्रण स्थापित किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान मौजूद कुछ लोगों ने पूरे गाजा पर कब्जा करने की मांग करते हुए नारे भी लगाए।

युद्धविराम को लेकर बातचीत जारी

हालांकि युद्धविराम को लेकर बातचीत जारी है, लेकिन जमीन पर तनाव कम होता नहीं दिख रहा। इजराइल और हमास के बीच सीजफायर समझौते के अगले चरण को लेकर चर्चा चल रही है। बातचीत में हमास के हथियार छोड़ने और गाजा से इजरायली सैनिकों की वापसी जैसे मुद्दे शामिल हैं।

विशेषज्ञों का मानना है कि यदि इजराइल गाजा के 70 फीसदी हिस्से पर नियंत्रण स्थापित कर लेता है, तो वहां रहने वाले करीब 20 लाख फिलिस्तीनियों पर गंभीर मानवीय संकट खड़ा हो सकता है। लोगों को बेहद छोटे तटीय इलाकों में रहने के लिए मजबूर होना पड़ सकता है।

नक्शों में भी गाजा के बड़े हिस्से पर नियंत्रण

इजरायली सेना द्वारा पहले जारी नक्शों में भी गाजा के बड़े हिस्से पर नियंत्रण दिखाया गया था। इस बीच अंतरराष्ट्रीय समुदाय लगातार क्षेत्र में स्थायी युद्धविराम और मानवीय सहायता की मांग कर रहा है।

Follow Us on Our Social Media
Back to top button