ITC के शेयर में 3% से ज्यादा उछाल: ₹1,329 करोड़ की डील से मिली तेजी

मुंबई। एफएमसीजी सेक्टर की दिग्गज कंपनी ITC Limited के शेयरों ( ITC shares) में मंगलवार को शुरुआती कारोबार में 3 फीसदी से ज्यादा की तेजी देखने को मिली। कंपनी का शेयर ₹261 के स्तर पर खुलने के बाद बढ़कर ₹267.50 तक पहुंच गया। शेयर में तेजी की बड़ी वजह ITC Infotech की ओर से बेंगलुरु की IT कंपनी Happiest Minds Technologies में हिस्सेदारी खरीदने की डील को माना जा रहा है।
ITC Infotech ने Happiest Minds के प्रमोटर ग्रुप से कंपनी की 22.106% हिस्सेदारी खरीदने का समझौता किया है। यह सौदा कुल ₹1,329 करोड़ में होगा। डील की घोषणा के बाद ITC के शेयरों में खरीदारी बढ़ी और इसका असर Nifty FMCG Index पर भी दिखाई दिया।
दो चरणों में होगी हिस्सेदारी खरीद
समझौते के तहत अशोक सूटा और अशोक सूटा मेडिकल रिसर्च LLP Happiest Minds के करीब 3.366 करोड़ इक्विटी शेयर बेचेंगे। पहले चरण में ITC Infotech ₹390 प्रति शेयर की दर से करीब 11% हिस्सेदारी के लिए ₹653 करोड़ का भुगतान करेगी। दूसरे चरण में 11.106% हिस्सेदारी ₹400 प्रति शेयर ( ITC shares) की दर से करीब ₹676 करोड़ में खरीदी जाएगी।
ITC शेयर में इस साल बड़ी गिरावट
ITC के शेयरों में इस साल लगातार दबाव देखने को मिला है। जनवरी से अब तक कंपनी ( ITC shares) का शेयर करीब 35% तक टूट चुका है। 2025 में भी स्टॉक ने लगभग 11% का निगेटिव रिटर्न दिया था। हालांकि, 2022, 2023 और 2024 के दौरान ITC के शेयर में अच्छी तेजी देखने को मिली थी और इन वर्षों में करीब 94% तक का रिटर्न मिला था।
Happiest Minds में हिस्सेदारी खरीदने की डील को ITC समूह के टेक्नोलॉजी कारोबार के विस्तार की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। दोनों कंपनियां अपने कारोबार को मिलाकर एक बड़ी टेक्नोलॉजी सर्विस कंपनी बनाने की दिशा में आगे बढ़ेंगी।



