National

लुटेरी दुल्हन गिरफ्तार: 6 साल में 2 कारोबारियों से शादी, एक को लिव-इन में फंसाया 

गुरुग्राम। गुरुग्राम में कथित तौर पर शादी और प्रेम संबंधों के जरिए कारोबारियों से ठगी (Looteri Dulhan) करने वाली महिला को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। सोनीपत की रहने वाली वर्षा रानी पर आरोप है कि उसने करीब छह साल के दौरान दो कारोबारियों से शादी की और एक युवक के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रही। पुलिस के मुताबिक, महिला ने इन रिश्तों के दौरान लाखों रुपए और संपत्ति पर कब्जा किया।

मामला (Looteri Dulhan)  तब सामने आया, जब रियल एस्टेट कारोबारी संदीप कुमार को दूसरी शादी के दौरान महिला की पिछली जिंदगी के बारे में जानकारी मिली। संदीप ने दस्तावेज जुटाकर सेक्टर-65 थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने चार दिन पहले वर्षा को गिरफ्तार किया। अदालत ने उसकी जमानत याचिका भी खारिज कर दी है।

ऑफिस में नौकरी के लिए आई, फिर शादी की

संदीप के मुताबिक, वर्षा 2022 में उनके ऑफिस में रिसेप्शनिस्ट की नौकरी के लिए आई थी। कुछ महीनों बाद दोनों के बीच नजदीकी बढ़ी और जून 2023 में शादी हो गई।

आरोप है कि शादी के बाद महिला ने परिवार से अलग रहने का दबाव बनाया और जमीन उसके नाम करने की मांग की। करीब डेढ़ साल में उसने ऑनलाइन ट्रांजैक्शन समेत लगभग 50 लाख रुपए हड़प लिए।

बाद में संदीप को एक दस्तावेज से पता चला कि वर्षा 2019-20 में अंकित नाम के युवक के साथ लिव-इन में रह चुकी थी। इसके बाद जांच में सामने आया कि उसने 2021 में सचिन नाम के कारोबारी से आर्य समाज मंदिर में शादी की थी।

दो पूर्व रिश्तों में भी रकम हड़पने का आरोप

संदीप ने अंकित और सचिन से संपर्क किया। दोनों ने कथित तौर पर वर्षा पर पैसे हड़पने (Looteri Dulhan) के आरोप लगाए। अंकित से करीब 15 लाख रुपए और सचिन से भी लाखों रुपए लेने की बात सामने आई। सचिन की मेडिकल लैब पर कब्जा करने का भी आरोप है।

पुलिस जांच में महिला पर पूर्व साथियों के खिलाफ झूठे मामले दर्ज कराने के आरोप भी सामने आए हैं। अदालत ने गंभीर आरोपों और जांच जारी होने के कारण उसकी जमानत खारिज कर दी। मामले में आगे की जांच जारी है।

Follow Us on Our Social Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button